रसोई के बजट को मिली राहत, कानपुर में प्याज समेत इन सब्जियों के दाम में गिरावट
कानपुर में सस्ती हुई सब्जियां, प्याज के दाम गिरे
चकरपुर मंडी में सब्जियों की कीमतों में आई भारी गिरावट से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और अदरक के दामों में आई कमी ने रसोई के बजट को संभाला है। जानिए किन कारणों से मिली यह राहत।
UP News: चकरपुर मंडी में सब्जियों की बढ़ती कीमतों के बीच उपभोक्ताओं को राहत मिलने लगी है. सरकार के हस्तक्षेप और नासिक से प्याज की लगातार आपूर्ति के चलते प्याज के थोक भाव पांच रुपये प्रति किलो तक नीचे आ गए हैं. मंडी में अब प्याज 35 रुपये किलो बिक रहा है, जबकि कुछ दिन पहले इसका थोक भाव 40 रुपये किलो तक पहुंच गया था. इसके साथ ही टमाटर, शिमला मिर्च और अदरक के दामों में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है.
नासिक से प्याज की आपूर्ति जारी
हरी सब्जी व्यापार मंडल चकरपुर मंडी के अध्यक्ष सौरभ पांडेय के अनुसार, बुधवार को मंडी में प्याज से लदे करीब 20 से 25 ट्रक पहुंचे. दो-तीन दिन पहले तक रोजाना 40 से 45 ट्रक प्याज आ रहा था. एक ट्रक में करीब 20 से 22 टन प्याज होता है. वर्तमान में मंडी में प्याज की आपूर्ति मुख्य रूप से नासिक से हो रही है.
सरकारी प्रयासों का दिख रहा असर
प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का असर अब थोक बाजार में दिखाई देने लगा है. चकरपुर व्यापारी एसोसिएशन के संरक्षक नीतू सिंह ने बताया कि प्याज के दाम में कमी आई है. उन्होंने कहा कि नासिक से हो रही आपूर्ति और कांदा एक्सप्रेस का बाजार पर खासा असर पड़ा है.
दूसरी सब्जियों के भाव भी घटे
प्याज के साथ दूसरी सब्जियों की कीमतों में भी राहत मिली है. फुटकर बाजार में टमाटर का भाव 30 रुपये किलो हो गया है, जो पहले 40 रुपये किलो था. वहीं शिमला मिर्च 120 रुपये से घटकर 80 रुपये किलो पर आ गई है. अदरक के दाम में भी बड़ी गिरावट हुई है और यह 240 रुपये किलो से घटकर 160 रुपये किलो हो गई है.
फुटकर ग्राहकों को राहत की उम्मीद
थोक बाजार में प्याज के भाव 35 रुपये किलो तक आने के बाद फुटकर बाजार में भी आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है. एक दिन पहले तक फुटकर में प्याज करीब 60 रुपये किलो बिक रहा था. कारोबारियों के मुताबिक, आपूर्ति बनी रही तो सब्जियों की कीमतों में और स्थिरता आ सकती है.
Also Read: Rakhi 2026: जवानों के लिए छात्राओं ने बनाई AI सोलर राखी, जानिए कैमरा-माइक समेत क्या है खास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए