सितंबर में 8 दिन बंद रह सकता है बैंक कामकाज, UP की 16 हजार शाखाएं होंगी प्रभावित
पांच दिन काम की मांग पर बैंककर्मियों का आंदोलन
सितंबर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है. प्रस्तावित हड़ताल और साप्ताहिक अवकाश के चलते उत्तर प्रदेश की करीब 16 हजार बैंक शाखाओं में कामकाज बाधित हो सकता है. जाने कब-कब बैंक रहेंगे बंद.
Uttar Pradesh Bank Strike : सितंबर महीने में बैंकिंग सेवाएं कई दिनों तक प्रभावित रहने की संभावना है. बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की प्रस्तावित हड़ताल तथा साप्ताहिक अवकाश के चलते उत्तर प्रदेश की करीब 16 हजार बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का एलान किया है. वहीं, मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की चेतावनी दी गई है.
11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल
बैंक यूनियनों की ओर से पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है. UFBU के आह्वान पर 11 सितंबर को बैंक कर्मचारी और अधिकारी देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे. इसके बाद मांगों पर सहमति नहीं बनने पर सितंबर के अंतिम सप्ताह में तीन दिन और बैंकिंग कामकाज प्रभावित हो सकता है.
पांच दिन काम करने की मांग
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी के अनुसार, बैंक कर्मचारी सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं. इसके साथ ही परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को सभी संवर्गों के कर्मचारियों के लिए समान रूप से लागू करने की मांग भी की जा रही है. फिलहाल बैंक महीने के पहले और तीसरे शनिवार को खुले रहते हैं, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है. बैंक यूनियनें लंबे समय से पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रही हैं.
सितंबर में इन तारीखों पर प्रभावित होगा काम
सितंबर में हड़ताल और नियमित अवकाश को मिलाकर बैंकिंग कामकाज कुल आठ दिन प्रभावित रहने की संभावना है. 11 सितंबर को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल के अलावा 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार का अवकाश रहेगा. इसके बाद 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का अवकाश होगा. वहीं, 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं फिर प्रभावित हो सकती हैं. इस तरह हड़ताल और साप्ताहिक अवकाश के कारण सितंबर में बैंक शाखाओं के कामकाज पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है.
अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
बैंक संगठनों ने मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है. संगठन के अनुसार, यदि मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है.
'राइट टू डिस्कनेक्ट' का भी इस्तेमाल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक यूपीएन सिंह ने बताया कि एआईबीओए के आह्वान पर बैंक अधिकारियों ने 'राइट टू डिस्कनेक्ट' का इस्तेमाल भी शुरू किया है. इसके तहत कार्यालय समय खत्म होने के बाद काम से जुड़े फोन कॉल, ईमेल और संदेशों का जवाब नहीं देना शामिल है. इसके अलावा छुट्टी के दिनों में होने वाली बैठकों का बहिष्कार करने जैसे कदम भी उठाए जा रहे हैं.
सात प्रमुख बैंक संगठन UFBU में शामिल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के सात प्रमुख संगठन शामिल हैं. यूनियन अपनी मांगों को लेकर सरकार और संबंधित पक्षों पर दबाव बनाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन कर रही हैं. सितंबर में प्रस्तावित हड़ताल इसी आंदोलन का हिस्सा है.
ग्राहकों को हो सकती है परेशानी
लगातार छुट्टियों और प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक से जुड़े काम, ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट और अन्य शाखा-आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. हालांकि, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है, लेकिन हड़ताल के दौरान कुछ सेवाओं पर अप्रत्यक्ष असर पड़ सकता है. बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर में अपनी शाखा से जुड़े जरूरी काम पहले निपटा लेना बेहतर रहेगा.
Also Read : आगरा यूनिवर्सिटी : 40 हजार सीटें खाली, पसंदीदा कोर्स में प्रवेश पाने का मौका, 31 अगस्त तक करें रजिस्ट्रेशन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए