इंस्टाग्राम पर 'राहुल' बनकर मिला मोहसिन, प्यार के जाल में फंसाया... फिर प्राइवेट वीडियो से कर रहा ब्लैकमेल

सांकेतिक तस्वीर (AI)
UP News: हापुड़ में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक युवती के लिए जानलेवा साबित हुई. आरोपी ने खुद को 'राहुल' बताकर विश्वास जीता, लेकिन असलियत मोहसिन निकली. प्यार और शादी का झांसा देकर युवती को ब्लैकमेल किया गया.
UP News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर होने वाली दोस्ती को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की. उसने खुद को राहुल बताकर विश्वास जीता, लेकिन बाद में उसकी असली पहचान मोहसिन के रूप में सामने आई. पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया, निजी वीडियो रिकॉर्ड किए और फिर उन्हीं के आधार पर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा. परेशान होकर युवती ने परिजनों को पूरी बात बताई और पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई.
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, खुद को 'राहुल' बताया
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर राहुल नाम के एक युवक से हुई थी. बातचीत शुरू हुई तो दोनों के बीच दोस्ती बढ़ने लगी. धीरे-धीरे दोनों नियमित रूप से बात करने लगे और नजदीकियां भी बढ़ गईं. युवती का कहना है कि युवक ने खुद को हिंदू बताया था, इसलिए उसने उस पर भरोसा कर लिया.
कुछ महीनों बाद सामने आई असली पहचान
पीड़िता के अनुसार, करीब पांच से छह महीने बाद उसे पता चला कि जिस युवक को वह राहुल समझ रही थी, उसका असली नाम मोहसिन है. उसने पुलिस को बताया कि आरोपी हापुड़ के सुल्तानपुर गांव का रहने वाला है और उसके पिता का नाम जाहिद है. वह सऊदी अरब में नौकरी करता था. असली पहचान सामने आने के बाद भी आरोपी ने प्यार और शादी का भरोसा देकर उसे अपने संपर्क में बनाए रखा.
भारत लौटने के बाद बढ़ीं नजदीकियां, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेल
शिकायत के मुताबिक, 15 जून 2026 को मोहसिन सऊदी अरब से भारत लौटा. इसके बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं. युवती का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने धोखे से उनके निजी पलों के फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए. बाद में उन्हीं वीडियो और तस्वीरों के आधार पर वह उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा और अपनी शर्तें मनवाने का दबाव बनाने लगा.
वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
पीड़िता का कहना है कि जब उसने आरोपी की बात मानने से इनकार किया, तो उसे निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई. इससे वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी. युवती का आरोप है कि आरोपी शादी के लिए दबाव बनाता रहा और मना करने पर उसे बदनाम करने की धमकी देता था.
परिजनों से शिकायत की तो धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप
युवती ने बताया कि जब उसे पता चला कि आरोपी फिर विदेश जाने की तैयारी में है, तो वह उसके परिवार से शादी की बात करने पहुंची. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया. जब उसने इससे साफ इनकार कर दिया तो आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और उससे संपर्क खत्म कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
पूरे घटनाक्रम से परेशान युवती आखिरकार अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी. उसने आरोपी युवक के साथ-साथ उसके परिजनों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.
Also Read: 80 फीट ऊंचे टीले की रहस्यमयी गुफा, जहां मंदिर मिट गया लेकिन आज भी जिंदा है लोगों की अटूट आस्था
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











