40 लाख की लालच में पिता भूला रिश्तों की मर्यादा, दोस्त के घर छिपाकर "बेटी" के अपहरण की रची साजिश

Updated:
विज्ञापन
 सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

UP Crime : आगरा में एक पिता ने कर्ज से परेशान होकर अपनी ही बेटी के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी. उसने परिवार से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने के लिए खुद ही धमकी भरा पत्र लिखा. पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है.

विज्ञापन

UP Crime : पिता और बेटी का रिश्ता दुनिया के सबसे भरोसेमंद रिश्तों में से एक माना जाता है, लेकिन आगरा में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. कर्ज के बोझ तले दबे एक पिता ने अपनी ही मासूम बेटी के अपहरण की झूठी कहानी रच दी. उसने परिवार से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने के लिए खुद ही धमकी भरा पत्र लिखकर घर के गेट पर रख दिया. मामले का खुलासा हुआ तो पुलिस भी पूरे घटनाक्रम से हैरान रह गई. पुलिस ने आरोपी पिता और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

डांस क्लास गई बेटी के गायब होने की दी सूचना

घटना आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के माधव कुंज की है. यहां रहने वाले मनीष अग्रवाल ने 10 जुलाई को पुलिस को सूचना दी कि उनकी बेटी शाम को डांस क्लास के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिवार के लोग बच्ची की तलाश में जुट गए. इसी बीच घर के गेट पर एक पत्र मिला, जिसमें लिखा था कि बच्ची को सुरक्षित वापस चाहते हो तो 40 लाख रुपये की व्यवस्था करो. पत्र मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई.

सीसीटीवी फुटेज से खुला पूरा राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित कीं. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो एक अहम सुराग हाथ लगा. फुटेज में बच्ची अकेले घर की तरफ आती हुई दिखाई दी. इसके बाद पुलिस को मामले में कुछ गड़बड़ी का शक हुआ. जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई परिवार के लोगों की ओर घूमने लगी. पुलिस ने जब पिता मनीष अग्रवाल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया.

60 लाख रुपये के कर्ज ने बनाया साजिशकर्ता

पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि उस पर करीब 60 लाख रुपये का कर्ज था. कर्ज देने वाले लोग लगातार दबाव बना रहे थे. कर्ज चुकाने के लिए उसने बेटी के अपहरण की झूठी कहानी बनाने की योजना बनाई. आरोपी ने बताया कि वह रोज की तरह बेटी को डांस क्लास छोड़ने के बहाने घर से लेकर निकला, लेकिन उसे डांस एकेडमी नहीं ले जाकर अपने दोस्त रजत के घर छोड़ दिया.

ऑफिस में लिखा फिरौती वाला पत्र

मनीष ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त से कहा था कि बच्ची को एक दिन के लिए अपने घर रख लो. इसके बाद वह अपने ऑफिस गया और वहां बैठकर फिरौती मांगने वाला पत्र लिखा. घर लौटने के बाद उसने वह पत्र गेट पर रख दिया. पत्र सबसे पहले उसकी पत्नी ने देखा. 40 लाख रुपये की फिरौती की मांग पढ़ते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई.

डर के कारण दोस्त से बच्ची को वापस भेजने को कहा

पुलिस की जांच शुरू होते ही मनीष डर गया. उसने अपने दोस्त रजत को फोन कर बच्ची को घर भेजने के लिए कहा. इसके बाद करीब दो घंटे बाद बच्ची सुरक्षित घर पहुंच गई.

पुलिस ने पिता और दोस्त को हिरासत में लिया

आगरा के लोहामंडी के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि मामले में पिता और उसके दोस्त को हिरासत में लिया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2027: बिहार के बाद चिराग पासवान की यूपी पर नजर, लखनऊ में आज बनेगी चुनावी रणनीति


विज्ञापन
Tilak Kumar

लेखक के बारे में

By Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola