देवरिया में आंबेडकर मूर्ति हटाने पर हंगामा, दरोगा और लेखपाल समेत 5 कर्मी निलंबित

Updated:
विज्ञापन
देवरिया में आंबेडकर मूर्ति हटाने पर हंगामा

देवरिया में आंबेडकर मूर्ति हटाने पर हंगामा

UP News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में खलिहान की सरकारी जमीन पर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के बाद उसे हटाने की कोशिश में ग्रामीणों का तीव्र विरोध झेलना पड़ा. इस घटना के बाद 5 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है.

विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले स्थित गौरीबाजार के लबकनी गांव में खलिहान की सरकारी जमीन पर बिना प्रशासनिक अनुमति के अचानक डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई. राजस्व टीम को जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ गांव में मूर्ति हटाने की कोशिश की गई, लेकिन ग्रामीणों के तीखे विरोध के चलते अधिकारियों को पीछे हटना पड़ा. इसके बाद गुरुवार को एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में भारी पुलिस बल और जेसीबी की मदद से मूर्ति को सम्मानपूर्वक हटा दिया गया.

हिंसक झड़प, पथराव और गांव में पुलिस का पहरा

सरकारी जमीन से प्रतिमा हटाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने अचानक पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पर भारी पथराव शुरू कर दिया. इस अचानक हुए हमले में कई कर्मचारी घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया. घटना के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गांव का दौरा किया. वर्तमान में गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

खुफिया तंत्र की नाकामी और कर्मचारियों पर निलंबन

इस पूरे मामले में प्रशासनिक और खुफिया तंत्र की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है. ग्रामीणों द्वारा प्रतिमा निर्माण, चबूतरा बनाने और रातों-रात स्थापना की योजना महीनों से बनाई जा रही थी, जिसकी भनक पुलिस को समय पर नहीं लगी. इस चूक पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन ने दरोगा, बीट पुलिस अफसर, एलआईयू आरक्षी, लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिव समेत पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस बड़ी विभागीय कार्रवाई से संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है.

संदिग्धों की धरपकड़ और ग्रामीणों में पुलिस का खौफ

पुलिस और राजस्व टीम पर हुए अचानक हमले को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि इसमें बाहरी असामाजिक तत्वों का भी हाथ हो सकता है. पत्थर और ईंटों का पूर्व नियोजित तरीके से इंतज़ाम किए जाने की भी गहराई से जांच की जा रही है. घटना के बाद से गांव में पुलिस का भारी खौफ बना हुआ है. कानूनी कार्रवाई के डर से अधिकांश ग्रामीण अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं. पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर लगातार दबिश दे रही है.

यह भी पढ़े: प्रयागराज विकास: यूपी पर्यटन मंत्री ने योजनाओं की समीक्षा


विज्ञापन
शशांक शेखर मिश्रा

लेखक के बारे में

By शशांक शेखर मिश्रा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola