मां के निधन के बाद सीएम योगी ने लिखी भावुक चिट्ठी, संन्यासी बनने के फैसले से जुड़ा पुराना किस्सा किया याद
सीएम योगी ने लिखी भावुक चिट्ठी (AI Image)
सीएम योगी ने अपनी माँ सावित्री देवी को लिखी भावुक चिट्ठी में संन्यास लेने के फैसले से जुड़ा किस्सा याद किया. माँ के त्याग और ममता का किया वर्णन.
Yogi Adityanath Letter: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 20 नवंबर को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था. उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में उन्होंने अंतिम सांस ली. मां के निधन के बाद सीएम योगी ने उनके नाम एक भावुक चिट्ठी लिखी है. इसमें उन्होंने मां के त्याग, ममता और जीवन में उनके महत्व को याद करते हुए संन्यासी बनने से जुड़ा एक भावुक प्रसंग साझा किया है.
मां को बताया जीवन का सबसे सुंदर भाव
सीएम योगी ने अपनी चिट्ठी में लिखा कि मां केवल जननी ही नहीं, बल्कि जगत जननी हैं. ईश्वर की जननी भी मां ही हैं. उन्होंने कहा कि मां के बिना जीवन और अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती. मां का स्थान दुनिया में सबसे ऊंचा है. उन्होंने मां की ममता को जीवन का सबसे सुंदर भाव बताते हुए कहा कि इस भावना की तुलना किसी दूसरे रिश्ते से नहीं की जा सकती. मां का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है.
संन्यासी बनने के बाद मां से मिलने पहुंचे थे योगी
मुख्यमंत्री ने अपने संन्यास जीवन से जुड़ा एक पुराना प्रसंग भी साझा किया. उन्होंने बताया कि जब वह संन्यास ग्रहण करने के बाद मां से मिलने पहुंचे थे, तब भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा था. गोरखपुर से पंचूर की इस यात्रा के दौरान मां के आशीर्वाद और स्नेह की यादें उनके मन में थीं. संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष बाद भी वह भगवा वस्त्र में अपने घर की दहलीज के बाहर खड़े थे.
मां ने बेटे के संन्यास लेने के फैसले का किया सम्मान
सीएम योगी ने बताया कि संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई. आवाज सुनकर मां बाहर आईं, लेकिन उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो पा रहा था. योगी ने कहा कि उन्होंने पहले ही मां से भिक्षा मांगी. इस पर मां ने पूछा कि घर में क्या कमी थी, जो भिक्षा मांग रहे हो? योगी ने जवाब दिया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी. मां ने बेटे के संकल्प का सम्मान किया.
मातृ वंदना को बताया सनातन संस्कार का हिस्सा
मुख्यमंत्री ने चिट्ठी में लिखा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं. कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन अपना कर्तव्य जरूर निभाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहे हैं. मां के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता भी जरूरी है.
प्रदेशवासियों से निराश्रित माताओं का सहारा बनने की अपील
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति किसी निराश्रित मां का सहारा बने, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझे और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करे. उन्होंने कहा कि हर मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि समाज उसके दुख-दर्द को समझे और जरूरत के समय उसके साथ खड़ा रहे. यही मातृ वंदना और सामाजिक जिम्मेदारी का वास्तविक स्वरूप है.
91 वर्ष की उम्र में हुआ सावित्री देवी का निधन
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 20 नवंबर 2026 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर निधन हुआ था. वह 91 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं. ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने सुबह करीब 10:45 बजे अंतिम सांस ली. मां के निधन की सूचना मिलने के बाद सीएम योगी अपने पैतृक गांव पहुंचे और अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी. 21 नवंबर को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया गया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए