गोरखपुर से CM योगी का विपक्ष पर प्रहार, बोले- 'रामभक्तों के खून से सना है सपा-कांग्रेस का इतिहास'

सीएम योगी आदित्यनाथ
CM Yogi Adityanath: गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने पवित्र त्रिवेणी के पौधे रोपकर हरित उत्तर प्रदेश अभियान को गति दी. उन्होंने कहा कि प्रकृति संतुलन के लिए हर नागरिक पौधा लगाकर जिम्मेदारी निभाए. इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला.
CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है, इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर ऐसा हमला बोला, जिसने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना हुआ है, जबकि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को मिथक साबित करने का प्रयास किया था. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने वर्षों तक भारतीय आस्था, संस्कृति और परंपराओं को चोट पहुंचाने की राजनीति की. उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है, लेकिन विपक्ष इसे पचा नहीं पा रहा और समाज को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहा है.
विकास में बाधा डालती है विभाजनकारी राजनीति
मुख्यमंत्री योगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस और सपा समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने की राजनीति करती हैं. उनके मुताबिक, ऐसी राजनीति विकास की गति को बाधित करती है और प्रदेश को पीछे धकेलने का काम करती है. जब इन दलों की सरकारें थीं तब प्रदेश में विकास की रफ्तार धीमी थी, जबकि दंगे और सामाजिक तनाव आम बात हुआ करते थे. योगी ने दावा किया कि भाजपा सरकार विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है, लेकिन विपक्षी दल इस बदलाव को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं.
'डबल इंजन सरकार' ने बदली प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाई है. उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में प्रदेश में रिकॉर्ड संख्या में हाईवे, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और रेलवे परियोजनाओं का विकास हुआ है. शहरीकरण की गति भी तेज हुई है, जिससे प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक संरचना मजबूत हुई है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है.
वृक्षारोपण महायज्ञ का किया शुभारंभ
गोरखपुर में मुख्यमंत्री ने 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' का शुभारंभ भी किया. इस दौरान उन्होंने विकास वाटिका की स्थापना की, वन विभाग के वानिकी आधारित कैलेंडर का विमोचन किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है.
नौ वर्षों में 242 करोड़ पौधे लगाने का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में 242 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य हासिल किया है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के बावजूद वनाच्छादन बढ़ाने में सफलता मिली है. इसके पीछे हर वर्ष चलाए जाने वाले वृक्षारोपण अभियान और पौधों की सुरक्षा के लिए बनाई गई प्रभावी व्यवस्था को उन्होंने प्रमुख कारण बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सैटेलाइट मैपिंग और विभिन्न सर्वेक्षणों से भी यह स्पष्ट हुआ है कि उत्तर प्रदेश का हरित क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है.
अयोध्या बनी प्रदेश की पहली सोलर सिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि अयोध्या धाम प्रदेश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो चुकी है, जहां स्ट्रीट लाइटों और सरकारी भवनों की बिजली व्यवस्था सौर ऊर्जा से संचालित हो रही है. उन्होंने कहा कि हरित उत्तर प्रदेश और समृद्ध उत्तर प्रदेश का संकल्प सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.
यह भी पढ़ें: मायके जाने की जिद बनी खूनी वजह: पति ने पत्नी की काटी नाक, बेटी को लहूलुहान देख मां ने दामाद की बहन से ऐसे लिया बदला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










