मायके जाने की जिद बनी खूनी वजह: पति ने पत्नी की काटी नाक, बेटी को लहूलुहान देख मां ने दामाद की बहन से ऐसे लिया बदला

Updated:
विज्ञापन
मां और ननद के बीच लड‍़ाई (सांकेतिक तस्वीर)

मां और ननद के बीच लड‍़ाई (सांकेतिक तस्वीर)

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक पारिवारिक विवाद ने दो महिलाओं की नाक काटकर खूनी रूप ले लिया. पहले पति ने पत्नी की नाक दाँतों से काटी, जिसके बाद गुस्साए परिवार ने बदला लेने के लिए दूसरी महिला की नाक काट दी.

विज्ञापन

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक पारिवारिक विवाद ने शनिवार को ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि दो महिलाओं की नाक कट गई. पहले मायके जाने को लेकर हुए विवाद में पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की दांतों से नाक काट दी. बेटी को गंभीर हालत में देखकर गुस्साई मां ने भी दामाद की बहन की नाक दांतों से काटकर बदला ले लिया. घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है.

मायके जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, पडुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले श्रवण कश्यप की शादी करीब चार वर्ष पहले चचरापुरवा गांव निवासी प्रीति से हुई थी. दोनों के बीच शनिवार को प्रीति के मायके जाने की बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि प्रीति अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने मायके जाना चाहती थी, लेकिन श्रवण इसके लिए तैयार नहीं था. विवाद बढ़ने पर कहासुनी मारपीट में बदल गई. आरोप है कि गुस्से में श्रवण ने पहले पत्नी की पिटाई की और फिर दांतों से उसकी नाक काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.


पत्नी प्रीति
पत्नी प्रीति

बेटी की हालत देखकर मां का फूटा गुस्सा

घायल प्रीति ने घटना की जानकारी फोन पर अपने मायके वालों को दी. सूचना मिलते ही उसके माता-पिता और अन्य परिजन ससुराल पहुंच गए. बेटी को खून से लथपथ और दर्द से तड़पता देखकर उसकी मां श्रीदेवी अपना आपा खो बैठीं. दोनों परिवारों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान श्रवण की 18 वर्षीय बहन मोनी बीच-बचाव करने पहुंची. आरोप है कि श्रीदेवी ने गुस्से में मोनी का चेहरा पकड़कर दांतों से उसकी नाक काट दी. इससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई.

पुलिस ने कराया मेडिकल, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. घायल पत्नी और ननद को अस्पताल भेजकर उनका मेडिकल कराया गया. दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है. पडुआ थाना प्रभारी मोहित पुंडीर ने बताया कि पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद बाद में दोनों परिवारों तक पहुंच गया. दोनों पक्षों की शिकायत मिली है. मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ननद मोनी
ननद मोनी

चार साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, श्रवण और प्रीति की शादी चार वर्ष पहले हुई थी. दोनों की अभी कोई संतान नहीं है. पति खेती-किसानी करता है और ससुराल तथा मायके के बीच की दूरी महज दो किलोमीटर है. फिलहाल दोनों घायल महिलाओं का इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.


विज्ञापन
राधेश्याम कुशवाहा

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola