बलिया में पूर्व प्रधान की नृशंस हत्या, ट्यूबवेल की झोपड़ी में मिला खून से लथपथ शव, ईंट और धारदार हथियार से कुचला सिर

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद मौके पर जुटी पुलिस

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP News: सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में पूर्व प्रधान रामब्यास वर्मा की निर्मम हत्या कर दी गई. उनका शव ट्यूबवेल की झोपड़ी में मिला, जिस पर गंभीर चोटों के निशान थे. परिवार पुरानी रंजिश की आशंका जता रहा है.

विज्ञापन

UP News: सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में पूर्व प्रधान रामब्यास वर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी गई. उनका खून से लथपथ शव शुक्रवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल की झोपड़ी में मिला. शव के सिर पर धारदार हथियार और ईंट से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया.

विज्ञापन

रात में सोने गए थे, सुबह बेटे ने देखा शव

मृतक के बेटे गुड्डू वर्मा ने बताया कि उनके पिता गुरुवार रात करीब 9:30 बजे खाना खाने के बाद रोज की तरह ट्यूबवेल पर बनी झोपड़ी में सोने चले गए थे. शुक्रवार सुबह जब वह उन्हें बुलाने पहुंचे तो झोपड़ी के अंदर उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला. सिर पर गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी.

बेटे ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका

गुड्डू वर्मा का कहना है कि उनके पिता की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है. हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम लेने से इनकार किया. उन्होंने पुलिस से मांग की कि हत्यारों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (बांसडीह) जयशंकर मिश्र, सहतवार थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.

दो पुलिस टीमें गठित, जल्द खुलासे का दावा

सीओ जयशंकर मिश्र ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रामब्यास वर्मा अपने पीछे एक बेटा और तीन बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं. उनकी हत्या की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर रोते हुए बोला- 'मां को मुझ पर भरोसा नहीं', फिर जहर खाकर खत्म कर ली जिंदगी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola