आगरा में सावन के चौथे सोमवार पर ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकालने से पहले देखें रूट प्लान
आगरा में आज बदले रहेंगे कई रास्ते
सावन के चौथे सोमवार पर आगरा में कांवड़ यात्रा और शिव मंदिरों में जलाभिषेक के चलते यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू है. भारी वाहनों की शहर में एंट्री पर रोक है और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी गई है.
Agra Traffic News : सावन के चौथे सोमवार को कांवड़ यात्रा, प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के मेले को देखते हुए आगरा में यातायात व्यवस्था बदल दी गई है. यातायात पुलिस ने रविवार शाम से ही शहर में डायवर्जन लागू कर दिया. भारी वाहनों की शहर में एंट्री पर रोक के साथ कई प्रमुख मार्गों और मंदिरों के आसपास आंतरिक डायवर्जन किया गया है. यातायात पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात तक नो एंट्री लागू रहेगी. इस दौरान पहले से जारी सभी अनुमति पास भी रद्द कर दिए गए हैं.
इन रास्तों से गुजरेंगे भारी वाहन
हाथरस की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सादाबाद से सिकंदराराऊ या मथुरा की ओर भेजा गया है. वहीं मथुरा-फिरोजाबाद मार्ग का यातायात एनएच-19 से संचालित रहेगा. फिरोजाबाद से जयपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रुनकता-रैपुरा जाट से दक्षिणी बाईपास की ओर भेजा गया है. अलीगढ़ से आने वाले भारी वाहन खंदौली-मुढ़ी-एत्मादपुर होते हुए दिल्ली हाईवे एनएच-19 पर जाएंगे. वहीं भरतपुर और फतेहपुर सीकरी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को महुअर से दक्षिणी बाईपास की ओर डायवर्ट किया गया है.
यमुना एक्सप्रेसवे से आने वालों के लिए भी बदला रूट
यमुना एक्सप्रेसवे से आगरा की ओर आने वाले वाहनों को खंदौली पर उतरने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे वाहनों को कुबेरपुर की ओर भेजा जाएगा. इसके अलावा एनएच-19 के भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
रामबाग से रोहता नहर चौराहा तक भारी वाहनों पर रोक
कांवड़ यात्रा को देखते हुए रामबाग से रोहता नहर चौराहा तक कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है. पृथ्वीनाथ पार्क, भोगीपुरा और रूई की मंडी समेत कई प्रमुख स्थानों पर भी आंतरिक डायवर्जन लागू किया गया है. ऐसे में इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
इन मंदिरों के आसपास भी रहेगा डायवर्जन
सावन के चौथे सोमवार पर शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए कैलाश, रावली, राजराजेश्वर, बल्केश्वर और मनकामेश्वर मंदिरों के आसपास भी यातायात व्यवस्था बदली गई है. सुबह करीब चार बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक इन मंदिरों के आसपास बैरियर लगाए गए हैं. यहां वाहनों को आवश्यकता के अनुसार रोका या डायवर्ट किया जाएगा.
घर से निकलने से पहले देख लें रूट प्लान
सोमवार को मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले बदले हुए यातायात मार्गों की जानकारी जरूर ले लें. यातायात संबंधी सहायता के लिए पुलिस ने 9454457886 मोबाइल नंबर जारी किया है. किसी मार्ग पर परेशानी या डायवर्जन से जुड़ी जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है. Also Read : लखनऊ में मकान-दुकान के लिए जमीन खरीदने का मौका, 24 अगस्त तक करें आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए