लखनऊ में मकान-दुकान के लिए जमीन खरीदने का मौका, 24 अगस्त तक करें आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया
लखनऊ में मकान-दुकान के लिए जमीन खरीदने का मौका
राजधानी लखनऊ में जमीन खरीदने का यह शानदार अवसर है. आवास विकास परिषद वृंदावन और अवध विहार योजनाओं में 100 से अधिक भूखंडों की नीलामी कर रहा है. 24 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन करें और 25 अगस्त को नीलामी में भाग लें.
UP Property News : राजधानी लखनऊ में मकान, दुकान, स्कूल, होटल और ग्रुप हाउसिंग समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जमीन खरीदने का मौका है. आवास विकास परिषद ने वृंदावन और अवध विहार योजना में 100 से अधिक भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला है. इच्छुक लोग 24 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इन भूखंडों का आवंटन 25 अगस्त तक ऑनलाइन नीलामी के जरिये किया जाएगा. वृंदावन योजना रायबरेली रोड और अवध विहार योजना सुल्तानपुर रोड पर स्थित है.
2,500 से 15,665 वर्ग मीटर तक के भूखंड उपलब्ध
आवास विकास परिषद की इन दोनों योजनाओं में अलग-अलग उपयोग के लिए कई आकार के भूखंड उपलब्ध हैं. यहां 2,500 वर्ग मीटर से लेकर 15,665 वर्ग मीटर तक के भूखंड शामिल हैं. ग्रुप हाउसिंग के अलावा दुकान, होटल और स्कूल जैसे व्यावसायिक उपयोग के लिए भी जमीन उपलब्ध कराई जा रही है.
25 लाख रुपये में मिल सकती है 17 वर्ग मीटर की दुकान
वृंदावन योजना के गोवर्धन एंक्लेव में 17 वर्ग मीटर की दुकानें भी नीलामी के जरिये बेची जा रही हैं. इन दुकानों की आरक्षित कीमत करीब 25 लाख रुपये रखी गई है. इसके अलावा वृंदावन योजना में स्कूल, मल्टीप्लेक्स और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी भूखंड उपलब्ध हैं.
स्कूल और मॉल के लिए भी बड़े भूखंड
स्कूल के लिए 500 से 4,000 वर्ग मीटर तक के भूखंड उपलब्ध हैं. वहीं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मॉल के लिए 800 से 15,000 वर्ग मीटर तक के बड़े भूखंड रखे गए हैं. वृंदावन योजना में अब आईटी और एआई कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए भी अपेक्षाकृत सस्ती दरों पर जमीन उपलब्ध कराई जा रही है.
आवेदन से लेकर नीलामी तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन
आवास विकास परिषद के उप आवास आयुक्त चंदन पटेल के अनुसार, भूखंडों के लिए आवेदन और नीलामी दोनों की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. इच्छुक आवेदक upavpauction.procure247.com के माध्यम से पंजीकरण और नीलामी प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं. भूखंडों और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी आवास विकास परिषद की वेबसाइट upavp.in पर उपलब्ध है.
इन नंबरों पर भी ले सकते हैं जानकारी
आवेदक अधिक जानकारी के लिए 635491083 और 9274416926 पर भी संपर्क कर सकते हैं. लखनऊ के अलावा मेरठ, आगरा, बरेली, वाराणसी, गोरखपुर और कानपुर जोन की संपत्तियों के लिए भी आवेदन और लॉटरी की प्रक्रिया इसी अवधि में निर्धारित की गई है.
Also read : जिससे प्यार किया उसे जंगल ले गया प्रेमी, कपड़े उतारते ही कर दी हत्या, सहारनपुर में प्रेम संबंध का खूनी अंत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए