Kanpur: कुएं में गिरी भैंस को निकालने उतरे 4 लोग, जहरीली गैस की चपेट में आने से 2 सगे भाई समेत तीन की मौत
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 11 Jul 2022 12:19 PM
Kanpur News: कानपुर में कुएं में गिरी भैंस निकालते समय 2 सगे भाई समेत 3 लोगों की मौत हो गई. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुल चार युवकों को बाहर निकाल लिया है.
Kanpur News: कानपुर आउटर के बिल्हौर थाना क्षेत्र में कुएं में गिरी भैंस निकालते समय दर्दनाक का हादसा हो गया. गांव के ही 2 सगे भाई समेत 4 लोग कुए में उतरे थे, लेकिन जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाई समेत तीन की मौत हो गई. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारों युवकों को बाहर निकाला. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम जल्द पहुंच जाती तो, तीनों की जान बच जाती. हालांकि की पुलिस ने ग्रामीणों को जैसे-तैसे समझाया और तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए.
दरअसल, यह घटना बिल्हौर थाना क्षेत्र स्थित गौरी गांव में रहने वाले मेवालाल की भैंस शाम लगभग 7 बजे कुएं में गिर गई थी. मेवालाल के भाई रामकुमार के बेटे शैलेंद्र और योगेश कुएं से भैंस निकालने की कोशिश कर रहे थे. शैलेंद्र और योगेश कमर में रस्सी बांध कर कुएं में उतर गए. काफी देर तक दोनों भाई वापस नहीं लौटे, और ना ही उनकी आहट सुनाई दी. अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोस में रहने वाले प्रदीप और रामबहादुर भी कुएं में उतर गए और बेहोश होकर गिर गए.
यहां एक-एक कर के कुएं में उतरे चार लोग जब वापस नहीं लौटे तो गांव में हड़कंप मच गया. चारों के वापस न लौटने पर ग्रामीणों का हौसला टूटने लगा. कोई भी कुएं में उतरने को तैयार नहीं हो रहा था. देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने टॉर्च लेकर एक युवक को रस्सी के सहारे आधे कुएं तक उतारा. गुड्डू नाम के युवक ने देखा कि चारों कुएं के अंदर बेहोशी की हालत में पड़े हैं. उसने शोर मचाना शुरू कर दिया. इस पर ग्रामीणों ने गुड्डू को ऊपर की तरफ खींच लिया. वहीं घटना की जानकारी पुलिस और फायर बिग्रेड को दी.
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम चारों युवकों को कुए से बाहर निकालने में जुट गई. टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर चारों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों को हैलट रेफर कर दिया. हैलट में उपचार के दौरान दो सगे भाईयों शैलेंद्र, योगेश समेत पड़ोसी प्रदीप की मौत हो गई. वहीं रामबहादुर की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है. साथ ही परिजनों को लिए आर्थिक मदद का ऐलान करते हुए दो दो लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की है. इसके साथ ही अधिकारियों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.
रिपोर्ट- आयुष तिवारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










