AMU Convocation 2020: 56 साल बाद AMU में किसी प्रधानमंत्री का भाषण, पीएम मोदी बोले- जो देश का है वह हर देशवासी का
Aligarh Muslim University Convocation 2020, PM Modi LIVE Update : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी यानी एएमयू आज शताब्दी वर्ष समारोह मना रहा है. इसी सिलसिले में आज प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी ने बतौर मुख्य अतिथि छात्रों को ऑनलाइन संबोधित किया. मौके पर उन्होंने कहा कि हम सभी को एक साथ मिलकर आत्मनिर्भर भारत बनाना है. उन्होंने कहा कि हमें आपसी भेदभाव भूलकर देश को आगे ले जाना है. जो देश का है, वह हर देशवासी का भी है. इस कार्यक्रम का महत्व इसलिए भी ज्यादा था क्योंकि एएमयू के इतिहास में 56 साल बाद देश का प्रधानमंत्री छात्रों को संबोधित कर रहे थे.
सियासत और सोसाइटी को अलग-अलग करना होगा
मोदी ने कहा कि जब आप सभी युवा साथी इस सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो ऐसी कोई मंजिल नहीं, जो हम हासिल न कर सकें. हमें समझना होगा कि सियासत सोसाइटी का अहम हिस्सा है. लेकिन सोसाइटी में सियासत के अलावा भी दूसरे मसले हैं. सियासत और सत्ता की सोच से बहुत बड़ा, बहुत व्यापक किसी देश का समाज होता है.
मतभेदों पर समय जाया करने का अभी वक्त नहीं
मोदी ने कहा कि पिछली शताब्दी में मतभेदों के नाम पर बहुत समय पहले ही जाया हो चुका है. अब समय नहीं गंवाना है. सभी को एक लक्ष्य के साथ मिलकर नया भारत, आत्मनिर्भर भारत बनाना है. समाज में वैचारिक मतभेद होते हैं, लेकिन जब बात राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति की हो, तो हर मतभेद किनारे रख देने चाहिए.
आत्मनिर्भर भारत बनाने में सबका सहयोग जरूरी है
नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिस सदी को भारत की बताया जा रहा है, उस लक्ष्य की तरफ भारत कैसे आगे बढ़ता है, इसे लेकर सब उत्सुक हैं. इसलिए हम सबका एकनिष्ठ लक्ष्य ये होना चाहिए कि भारत को आत्मनिर्भर कैसे बनाएं.
उच्च शिक्षा में सरकार लगातार कर रही काम
मोदी ने कहा कि हमारी सरकार उच्च शिक्षा और नंबर ऑफ इनरॉलमेंट बढ़ाने और सीटों को बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. साल 2014 में हमार देश में 16 आईआईटी संस्थान थे. आज 23 आईआईटी हैं. 2014 में हमारे देश में 9 आईआईआईटी थे, आज देश में 25 आईआईआईटी हैं. साल 2014 में हमारे देश में 13 आईआईएम थे. आज देश में 20 आईआईएम हैं. मेडिकल एजुकेशन को लेकर भी बहुत काम किया गया है. 6 साल पहले तक देश में सिर्फ 7 एम्स थे. आज देश में 22 एम्स हैं.
बिना किसी भेदभाव के सभी को पहुंचा रहे हैं लाभ : मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में जो योजनाएं बना रहा हैं वो बिना किसी मत, मजहब के भेद के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं. बिना किसी भेदभाव, 40 करोड़ से ज्यादा गरीबों के बैंक खाते खुले. बिना किसी भेदभाव, 2 करोड़ से ज्यादा गरीबों को पक्के घर दिये गये. बिना किसी भेदभाव 8 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को गैस मिला.
एएमयू पर दोहरी जिम्मेदारी, देश की ताकत को कम नहीं होने देना है
नरेंद्र मोदी ने कहा कि एएमयू देश की ताकत है, हमें इस शक्ति को ना भूलना है, ना इसे कमजोर होने देना है. AMU के कैंपस में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना के लिए काम करना है. अभी लगभग 1000 विदेशी छात्र अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं. इसलिए हमारे जिम्मेदारी है कि जो हमारे देश में अच्छा है, उसकी यादें लेकर ये छात्र यहां से जाएं. इसलिए आपके संस्थान पर दोहरी जिम्मेदारी है. अपना सम्मान बढ़ाने की और अपनी जिम्मेदारे बखूबी निभाने की.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए