हाथरस में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत पर कोतवाल समेत 4 निलंबित, अब दूसरे जिले की पुलिस करेगी जांच

हाथरस जनपद के गांव बिसाना में आरएसएस के अनुषांगिक संगठन धर्म जागरण मंच के मुरसान खंड संयोजक राजकुमार के घर के बाहर पड़ोसी राजू राघव का बेटा नाली पर लघुशंका करने लगा. इसे लेकर दोनों पड़ोसियों में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट, पथराव, फायरिंग में बदल गया.
Hathras News: अलीगढ़ के पड़ोसी जनपद हाथरस के गांव बिसाना में लघुशंका से शुरू हुए विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया. मारपीट, पथराव, फायरिंग में घायल दो युवकों में से एक की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई. मामले में 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. लापरवाही बरतने पर कोतवाल समेत 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.
हाथरस जनपद के गांव बिसाना में आरएसएस के अनुषांगिक संगठन धर्म जागरण मंच के मुरसान खंड संयोजक राजकुमार के घर के बाहर पड़ोसी राजू राघव का बेटा नाली पर लघुशंका करने लगा. इसे लेकर दोनों पड़ोसियों में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट, पथराव, फायरिंग में बदल गया. इसमें राजकुमार समेत दो लोग घायल हो गए. मृतक राजकुमार के भाई महाराज सिंह ने पड़ोसी राजू राघव समेत 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.
पुलिस के पहुंचने पर मारपीट करने वाले दोनों पक्षों के लोग तितर-बितर हो गए. मारपीट में घायल राजकुमार व दूसरे पक्ष के आकाश को पुलिस जिला अस्पताल ले गई, जहां परीक्षण के दौरान राजकुमार ने सीने में दर्द बताया. वहां इंजेक्शन लगवाने के बाद पुलिस राजकुमार व आकाश को चंदपा कोतवाली लेकर पहुंचे. कोतवाली में मंगलवार सुबह राजकुमार की तबीयत बिगड़ गई. राजकुमार को पुलिस जिला अस्पताल ले गई, जहां पर उसकी मौत हो गई.
राजकुमार की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद चंदपा थाने पर हंगामा होने लगा. मौके पर डीआईजी दीपक कुमार गांव बिसाना पहुंचे. पुलिस की मौजूदगी में राजकुमार के शव का अंतिम संस्कार कराया गया. डीआईजी दीपक कुमार ने बताया कि लापरवाही बरतने पर चंदपा कोतवाली प्रभारी चतर सिंह राजौरा, उप निरीक्षक त्रिवेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल अश्वनी सिरोही और रमन यादव को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस हिरासत में मौत के बाद डीएम ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने को कही है. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच हाथरस के अतिरिक्त अन्य गैर जनपद की पुलिस से कराई जाएगी.
रिपोर्ट : चमन शर्मा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




