बाढ़ प्रभावित नेपाल में छह ओड़िया फुटबॉलर सुरक्षित, मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबर जारी
सांकेतिक तस्वीर
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच फंसे ओडिशा के छह फुटबॉल खिलाड़ी सुरक्षित पाए गए हैं. राज्य सरकार ने उनकी वापसी सुनिश्चित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.
भुवनेश्वर: नेपाल में आयी विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बीच मैच खेलने गये ओडिशा के छह फुटबॉल खिलाड़ियों के सुरक्षित होने की पुष्टि राज्य के संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने गुरुवार को की. मंत्री ने बताया कि राज्य के नोडल अधिकारी ने खिलाड़ियों से संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली है.
जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
खिलाड़ियों को सुरक्षित ओडिशा वापस लाने की जिम्मेदारी एक वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी गयी है. सरकार उनकी जल्द से जल्द वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास कर रही है. सरकार की ओर से हेल्पलाइन नंबर 91-7428135044, 91-8527580245 और 011-23012807 जारी किया गया है. सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि ओडिशा सरकार नेपाल सरकार के लगातार संपर्क में है. इस संबंध में राज्य के गृह विभाग को भी जानकारी दी गयी है. खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक समन्वय किया जा रहा है. यह जानकारी ऐसे समय में सामने आयी है, जब नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर तबाही मचायी है.
नयी दिल्ली में ओडिशा सरकार का कंट्रोल रूम
आपदा में 172 से अधिक लोगों की मौत होने और 1,000 से ज्यादा लोगों के लापता होने की सूचना है. प्रभावित लोगों में ओडिशा का एक दंपती और 135 अन्य भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. इसके अलावा, कई पर्यटक अब भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हुए हैं. इधर, नेपाल में आयी विनाशकारी बाढ़ के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने नयी दिल्ली में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है.
प्रीतिश पंडा बने नोडल अधिकारी
नेपाल में फंसे या किसी तरह की परेशानी का सामना कर रहे ओडिशा के लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किये गये हैं. डायरेक्टोरेट ऑफ ओडिशा परिवार के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी प्रीतिश पंडा को इस पूरे अभियान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. वे नेपाल में प्रभावित ओडिशा के लोगों से संबंधित सहायता और सुरक्षित वापसी के लिए समन्वय करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए