पोठिया के जनता हाट में सुबह 4 बजे NIA की दबिश, चप्पल दुकानदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, इलाके में हड़कंप

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 29 May 2026 3:35 PM

विज्ञापन

सौजन्य - IANS

NIA Raid: किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की अचानक हुई छापेमारी से सीमांचल के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है. भारी सुरक्षा घेरे के बीच पहुंची केंद्रीय टीम जनता हाट से एक चप्पल दुकानदार को अपने साथ ले गई है, जिसके तार किसी बड़े संदिग्ध इनपुट से जुड़े होने की आशंका है.

विज्ञापन
पोठिया (किशनगंज) से विद्यानन्द मेहता की रिपोर्ट

NIA Raid: बिहार के सीमावर्ती किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर पंचायत के जनता हाट इलाके में शुक्रवार की अहले सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक बड़ी और कथित गुप्त कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. शुक्रवार सुबह करीब 04:00 बजे, जब पूरा इलाका गहरी नींद में सोया था, अचानक कई गाड़ियों में सवार होकर भारी सुरक्षा बलों के साथ पहुंची एनआईए की टीम ने स्थानीय निवासी मनोज रविदास के घर की घेराबंदी कर दी. अचानक हुई इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया. टीम कई घंटों की सघन तलाशी के बाद संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर रवाना हो गई है.

तड़के 4 बजे सुरक्षाबलों ने डाला डेरा, एनएसजी कमांडो के शामिल होने की चर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह का उजाला होने से पहले ही सुरक्षाबलों की गाड़ियों ने जनता हाट निवासी लखन रविदास के घर को चारों तरफ से घेर लिया था.

  • सुरक्षा का कड़ा पहरा: छापेमारी की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के अलावा केंद्रीय सुरक्षा बलों और कथित तौर पर एनएसजी (NSG) के आधुनिक हथियारों से लैस जवानों को बाहरी सुरक्षा घेरे में तैनात किया गया था, ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति परिसर के भीतर या बाहर न जा सके.
  • घंटों चली सर्च ऑपरेशन: जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मनोज रविदास के घर के चप्पे-चप्पे, कमरों, बक्सों और डिजिटल उपकरणों की गहनता से जांच की. कई घंटों तक चली इस मैराथन कागजी और भौतिक छानबीन के बाद टीम ने मनोज रविदास (पिता- लखन रविदास) को कस्टडी में ले लिया और अपने साथ लेकर चली गई.

संदिग्ध कॉल रिकॉर्डिंग और इनपुट की चर्चा, चप्पल की दुकान चलाता है आरोपी

क्या है कार्रवाई की वजह: ग्रामीण स्तर पर और सुरक्षा गलियारों में यह तीव्र चर्चा है कि केंद्रीय जांच एजेंसियों को देश विरोधी गतिविधियों, संदिग्ध फंडिंग या किसी प्रतिबंधित संगठन से जुड़े कुछ बेहद संवेदनशील कॉल रिकॉर्डिंग (Call Recording) और संदिग्ध मोबाइल इनपुट मिले थे. इन तकनीकी साक्ष्यों के सत्यापन (Verification) और क्रॉस-क्वेश्चनिंग के लिए ही यह त्वरित कार्रवाई की गई है. हालांकि, यह मामला पूरी तरह गोपनीय होने के कारण एनआईए या किसी अन्य एजेंसी ने अभी तक इस इनपुट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि:

स्थानीय लोगों ने बताया कि हिरासत में लिया गया मनोज रविदास जनता हाट मुख्य बाजार में एक छोटी सी चप्पल की दुकान चलाकर अपना जीवनयापन करता है, जबकि उसके पिता लखन रविदास सीधे-साधे किसान हैं जो खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. एक बेहद सामान्य पृष्ठभूमि के परिवार में देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी की इस दबिश के बाद मनोज के परिजन और रिश्तेदार पूरी तरह स्तब्ध और सदमे में हैं.

जिला प्रशासन और एनआईए का आधिकारिक बयान आना बाकी

छापेमारी और गिरफ्तारी की खबर जैसे-जैसे सूरज चढ़ने के साथ आसपास के गांवों में फैली, जनता हाट बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. दिनभर चाय थड़ियों और चौपालों पर इसी बात को लेकर तरह-तरह के कयास और चर्चाओं का बाजार गर्म रहा.

फिलहाल, इस पूरे मामले पर किशनगंज जिला प्रशासन, स्थानीय पोठिया थाना पुलिस या एनआईए (NIA) के मुख्यालय की ओर से कोई भी आधिकारिक प्रेस नोट या बयान जारी नहीं किया गया है. सीमावर्ती जिला होने के कारण सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां इस पूरे मामले पर बेहद सतर्कता बरत रही हैं और माना जा रहा है कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद ही एजेंसी किसी निष्कर्ष पर पहुंचेगी.

Also Read: बिहार में साइबर ठगों की अब खैर नहीं, ऑनलाइन फ्रॉड रोकने के लिए पुलिस ने बनाई हाईटेक स्पेशल टीम

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola