रांची: पति पर गंभीर आरोप लगाकर थाने पहुंची महिला, दहेज और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज
जगन्नाथपुर थाना, रांची
रांची में विशेष शाखा के आरक्षी सुदीप कुमार सिन्हा के खिलाफ उनकी पत्नी रंजना मंडल ने जगन्नाथपुर थाने में FIR दर्ज कराई है. पत्नी ने पति पर शादी के बाद से लगातार मारपीट, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और अतिरिक्त दहेज व गाड़ी की मांग करने का आरोप लगाया है.
रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. विशेष शाखा में कार्यरत आरक्षी सुदीप कुमार सिन्हा के खिलाफ उनकी पत्नी रंजना मंडल ने मारपीट और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. रंजना मंडल भी विशेष शाखा में कार्यरत हैं और वर्तमान में जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर टू-बी स्थित क्वार्टर नंबर 1810 में रहती हैं.
अतिरिक्त दहेज और गाड़ी मांगने का आरोप
प्राथमिकी में रंजना मंडल ने आरोप लगाया है कि 7 मार्च 2025 को शादी के बाद से ही उनके पति उनके साथ मारपीट और मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना करते हैं. उनका आरोप है कि शादी के समय 10 लाख रुपये दहेज देने के बावजूद पति 10 लाख रुपये अतिरिक्त और गाड़ी की मांग करते हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि पति ने उनके गहने ले लिये हैं और एटीएम कार्ड देने के लिए दबाव बनाते हैं. एटीएम कार्ड नहीं देने पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है.
112 पर कॉल कर पीसीआर की मदद से पहुंचीं थाना
रंजना मंडल ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ मारपीट की. उन्होंने किसी तरह छिपकर 112 पर कॉल किया, जिसके बाद पीसीआर की मदद से थाने पहुंचीं.
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि सुदीप खुद को गढ़वा का गुंडा बताते हैं और सर्विस पिस्टल दिखाकर गोली मारने तथा पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देते हैं. उन्होंने पुलिस-प्रशासन का धौंस दिखाकर डराने का भी आरोप लगाया है.
बहन के घर मारपीट का भी आरोप
रंजना मंडल ने इससे पहले जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित अपनी बहन के घर जाकर भी मारपीट करने का आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस के समक्ष इस घटना से संबंधित शिकायत और वीडियो क्लिप मौजूद होने की बात कही है. पुलिस प्राथमिकी में दर्ज आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए