मजदूरी भुगतान में देरी से सफाईकर्मी हड़ताल पर, शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित
श्याम एजेंसी कार्यालय के पास प्रदर्शन करते सफाईकर्मी | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा में नगर परिषद के सफाईकर्मियों ने समय पर मजदूरी भुगतान न होने के कारण एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की. इस हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई. सफाईकर्मी वेतन भुगतान में देरी से परेशान हैं.
सिमडेगा.समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होने से नाराज नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने बुधवार को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की. हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित रही. सफाई कर्मियों ने नगर परिषद की सहयोगी संस्था की एजेंसी के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर समय पर मजदूरी भुगतान की मांग की.
सफाई कर्मियों के अनुसार, करीब 70 कर्मी शहरी क्षेत्र में सफाई कार्य में लगे हैं. कर्मियों को प्रत्येक माह आठ से 10 तारीख तक मजदूरी का भुगतान किया जाना चाहिए, लेकिन भुगतान करीब 20 तारीख तक किया जाता है. इससे उन्हें परिवार चलाने में काफी परेशानी होती है. पर्व-त्योहार के बावजूद समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होने से सफाई कर्मियों में रोष है.
कर्मियों ने कहा कि समय पर मजदूरी नहीं मिलने के कारण घर का किराया, राशन दुकानदार और बच्चों को स्कूल पहुंचाने वाले ऑटो चालक समेत अन्य लोगों का भुगतान समय पर नहीं कर पाते हैं. इसके कारण उन्हें संबंधित लोगों की बातें सुननी पड़ती हैं.
सफाई कर्मियों ने बताया कि समय पर मजदूरी भुगतान को लेकर कई बार एजेंसी और नगर परिषद के पदाधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है. बैठकों में आठ से 10 तारीख तक मजदूरी भुगतान करने पर सहमति भी बनी थी, लेकिन इसका नियमित रूप से पालन नहीं किया जा रहा है.
कर्मियों ने कहा कि समय पर मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर सांकेतिक हड़ताल की गयी है. यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. हड़ताल के कारण बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित सफाई कार्य प्रभावित रहा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए