ब्लड बैंक में खून की कमी दूर करने के लिए विधायक का बड़ा प्लान, पांचों प्रखंडों में लगेंगे शिविर
एसआइएम:बैठक में उपस्थित विधायक व अन्य
सिमडेगा के सरकारी ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करने के लिए विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने एक महत्वपूर्ण बैठक की. अल-फलाह सोसायटी के साथ मिलकर पांचों प्रखंडों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे.
सिमडेगा रविकांत साहू की रिपोर्ट
आपके शहर में
सिमडेगा. सदर अस्पताल ब्लड बैंक में रक्त की कमी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने अपने आवास में एक महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने तथा व्यापक स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
अल-फलाह सोसायटी के साथ मिलकर चलेगा विशेष अभियान
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में रक्त की कमी को दूर करने के लिए अल-फलाह सोसायटी ब्लड डोनर ग्रुप सिमडेगा के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया जायेगा. उन्होंने कहा कि अल-फलाह सोसायटी लंबे समय से जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाकर सराहनीय एवं मानवीय कार्य कर रहा है.
पांचों प्रखंडों में लगेंगे रक्तदान शिविर
विधायक विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि हमारे क्षेत्र के लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए अल-फलाह सोसायटी ब्लड डोनर ग्रुप एवं क्षेत्र के सभी लोग मिल-जुलकर रक्त एकत्रित करने का कार्य करेंगे. क्षेत्र के पांचों प्रखंडों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जायेंगे. जिसकी शुरुआत सर्वप्रथम कोलेबिरा प्रखंड से जल्द ही की जायेगी.
‘रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं’
अल-फलाह सोसायटी ब्लड डोनर ग्रुप के केन्द्रीय अध्यक्ष खुबैब शाहिद ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है. रक्त की जरूरत किसी को भी और कभी भी पड़ सकती है. इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में मो समी आलम, मो जमीर, राकेश कोंगाड़ी, जमीर खान, रशीदा खलीफा आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए