सिमडेगा : St. Anne's Cathedral में संत मोनिका और संत अगस्टिन का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया गया
धार्मिक विधि में उपस्थित पुरोहित | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा के संत अन्ना सामटोली चर्च में संत मोनिका और संत अगस्टिन का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। फादर राजेश ने प्रार्थना की शक्ति पर जोर दिया।
रविकांत साहू की रिपोर्ट
आपके शहर में
सिमडेगा. संत अन्ना सामटोली महागिरजाघर में रविवार को संत मोनिका और संत अगस्टिन का पर्व बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया. पर्व के अवसर पर विशेष मिस्सा बलिदान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विश्वासी शामिल हुए और संत मोनिका एवं संत अगस्टिन के जीवन से प्रेरणा ली.
प्रार्थना और विश्वास की शक्ति पर दिया संदेश
पर्व के मुख्य अनुष्ठाता फादर राजेश ने अपने संदेश में संत मोनिका के जीवन और उनकी प्रार्थनामय आस्था पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि संत मोनिका ने अपने बेटे संत अगस्टिन तथा अपने गैर-ख्रीस्तीय पति के मन परिवर्तन और ईश्वर की ओर लौटने के लिए लगातार प्रार्थना की. लंबे समय तक उन्होंने धैर्य और विश्वास के साथ ईश्वर से प्रार्थना की.
उन्होंने कहा कि संत मोनिका की दृढ़ आस्था और प्रार्थना के फलस्वरूप संत अगस्टिन का जीवन पूरी तरह बदल गया और वे आगे चलकर कलीसिया के महान संतों में शामिल हुए.
प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती
फादर राजेश ने कहा कि संत मोनिका का जीवन हर विश्वासी को यह संदेश देता है कि प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती. ईश्वर हर व्यक्ति की प्रार्थना सुनता है. भले ही प्रार्थना का उत्तर मिलने में देर हो, लेकिन ईश्वर हर परिस्थिति में हमारे साथ विद्यमान रहता है और सही समय पर अपनी कृपा प्रदान करता है.
उन्होंने विश्वासियों से आह्वान किया कि वे कठिन परिस्थितियों में निराश न हों, बल्कि संत मोनिका की तरह दृढ़ विश्वास और धैर्य के साथ प्रार्थना करते रहें. विशेषकर परिवार के सदस्यों के लिए की गयी प्रार्थना में विश्वास बनाये रखना चाहिए.
ये भी पढ़ें: परिसीमन की आड़ में आदिवासी अधिकारों पर डाका पड़ा तो होगा बड़ा उलगुलान : भूषण बाड़ा
भक्तिमय माहौल में हुआ धार्मिक अनुष्ठान
पर्व के दौरान चर्च में विशेष प्रार्थना, मिस्सा बलिदान एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए. श्रद्धालुओं ने संत मोनिका और संत अगस्टिन से आशीर्वाद की कामना की तथा अपने परिवार, समाज और कलीसिया की खुशहाली के लिए प्रार्थना की. पूरे चर्च परिसर में पर्व को लेकर उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए