गिरदा डाकघर में जमा राशि में गड़बड़ी का आरोप, खाताधारकों ने डीसी से की जांच की मांग
डीसी से जांच की मांग करते हुए खाताधारक | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा के गिरदा डाकघर में जमा राशि में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. खाताधारकों ने डीसी से निष्पक्ष जांच और अपनी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है.
सिमडेगाः बानो प्रखंड के गिरदा डाकघर में बचत खाताधारकों की जमा राशि का विभागीय रिकॉर्ड से मिलान नहीं होने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि खाताधारकों ने डाकघर में जो राशि जमा की, वह विभागीय रिकॉर्ड में दर्ज नहीं दिख रही है. मामले की जानकारी सामने आने के बाद खाताधारकों में हड़कंप मचा हुआ है. खाताधारक अपनी जमा राशि की पर्चियां लेकर डाकघर का चक्कर काट रहे हैं.
आपके शहर में
उपायुक्त से उच्चस्तरीय जांच की मांग
मामले को लेकर बड़ी संख्या में खाताधारकों ने उपायुक्त और अनुमंडलीय डाक निरीक्षक को आवेदन सौंपा है. खाताधारकों ने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. आवेदन में बताया गया है कि वे लंबे समय से गिरदा डाकघर में बचत खाता और अन्य डाक बचत योजनाओं के माध्यम से अपनी मेहनत की कमाई जमा करते आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें- ब्रेकर खराब होने से बिजली आपूर्ति चरमराई, बार-बार कटौती से लोग परेशान
पोस्टमास्टर के निधन के बाद सामने आया मामला
खाताधारकों के अनुसार, डाकघर में कार्यरत तत्कालीन पोस्टमास्टर आबिद मियां के निधन के बाद जब वे अपने खातों की जानकारी लेने और राशि की निकासी के लिए डाकघर पहुंचे, तो कई खाताधारकों की जमा राशि का सही हिसाब विभागीय रिकॉर्ड में नहीं मिला. इसके बाद मामले को लेकर खाताधारकों की चिंता बढ़ गयी.
पासबुक और जमा रसीदें होने का दावा
खाताधारकों का दावा है कि उनके पास पासबुक में जमा राशि की प्रविष्टियां और जमा पर्ची की रसीदें मौजूद हैं. इसके बावजूद संबंधित राशि ऑनलाइन और विभागीय रिकॉर्ड में सही तरीके से दर्ज नहीं दिख रही है. इससे ग्रामीणों में वर्षों से जमा अपनी बचत को लेकर भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
पासबुक से लेकर कैश बुक तक मिलान की मांग
पीड़ित खाताधारकों ने पासबुक, जमा रसीद, डाकघर के रजिस्टर, कैश बुक और ऑनलाइन रिकॉर्ड का आपस में मिलान कराने की मांग की है. उन्होंने जांच पूरी होने तक डाकघर के सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज सुरक्षित रखने की भी मांग की है. खाताधारकों ने कहा है कि यदि जांच में वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी या गबन की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाये और प्रभावित खाताधारकों की जमा राशि वापस दिलायी जाये.
ये भी पढ़ें- पहली बार राष्ट्रीय खेल मीट में उतरीं सिमडेगा की बेटियां, जीता रजत पदक
छोटी-छोटी बचत जोड़कर जमा की थी रकम
आवेदकों के अनुसार, प्रभावित खाताधारकों में अधिकांश सामान्य ग्रामीण और दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोग हैं. इन लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई से छोटी-छोटी बचत जोड़कर डाकघर में राशि जमा की थी. खाताधारकों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द जांच कराने और उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगायी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए