दोस्ती के रंग में रंगा विद्यालय परिसर, फ्रेंडशिप बैंड बांधकर विद्यार्थियों ने दिया मित्रता का संदेश,

Updated:
विज्ञापन

पुरूनिया स्कूल में फ्रेंड्स डे मनाते छात्र-छात्राएं.

खूंटपानी के राजकीयकृत उच्च विद्यालय पुरूनिया में फ्रेंड्स डे पर छात्रों ने मित्रता का संदेश दिया। शिक्षकों ने श्रीकृष्ण-सुदामा की दोस्ती का उदाहरण दिया।

विज्ञापन

खरसावां : पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड स्थित राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय पुरूनिया में फ्रेंड्स डे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में मित्रता, भाईचारे और सहयोग की भावना देखने को मिली. छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को फ्रेंडशिप बैंड बांधकर मित्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उपहार और स्मृति चिह्नों का आदान-प्रदान किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान शिक्षकों ने सच्ची मित्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और विश्वास की भावना बनाए रखने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि अच्छी मित्रता व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ देने की प्रेरणा देती है.

श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता का दिया उदाहरण

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मित्रता के ऐतिहासिक और पौराणिक उदाहरणों से भी अवगत कराया. श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता तथा भगवान श्रीराम और निषादराज के बीच आपसी स्नेह की गाथा सुनाते हुए बताया गया कि सच्ची मित्रता जाति, धर्म, आर्थिक स्थिति और परिस्थितियों की सीमाओं से परे होती है. मित्रता में प्रेम, विश्वास और निस्वार्थ सहयोग का विशेष महत्व है.

मानव शृंखला बनाकर गाया ‘हम होंगे कामयाब’

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने मानव शृंखला बनायी और सामूहिक रूप से ‘हम होंगे कामयाब’ गीत प्रस्तुत किया. इसके बाद विद्यार्थियों ने आपसी प्रेम और मित्रता की भावना को आगे बढ़ाने तथा एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने की शपथ ली. सामूहिक गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला. मौके पर विद्यालय के प्राचार्य विजय उरांव, अजय समद समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola