चांडिल व नीमडीह में स्वतंत्रता सेनानी गंगानारायण सिंह के नाम लगे बोर्ड को क्षतिग्रस्त करने का आरोप, कार्रवाई की मांग
ज्ञापन सौंपने के बाद भूमिज समाज के लोग.
चांडिल और नीमडीह में स्वतंत्रता सेनानी गंगानारायण सिंह के नाम पर लगे नामकरण बोर्डों को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इस घटना से समाज में आक्रोश व्याप्त है और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है.
चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बाइपास रोड के गांगुडीह स्थित सुवर्णरेखा नदी पर बने पुल एवं नीमडीह थाना अंतर्गत जाहिरा मोड़ में लगे स्वतंत्रता सेनानी सह भूमिज विद्रोह के महानायक गंगानारायण सिंह के नामकरण से जुड़े बोर्ड को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर हटाए जाने का मामला सामने आया है.
आदिवासी भूमिज मुंडा युवा संगठन ने सौंपा ज्ञापन
इस संबंध में बुधवार को आदिवासी भूमिज मुंडा युवा संगठन ने चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना की तत्काल जांच कराने, दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने और दोनों स्थानों पर बोर्ड पुन: स्थापित कराने की मांग की गई है. इस दौरान जानकारी रबिन्द्र सरदार ने कहा - गांगुडीह स्थित सुवर्णरेखा नदी पर निर्मित पुल का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी एवं भूमिज विद्रोह के महानायक गंगानारायण सिंह जी के नाम पर किया गया है. पुल के समीप उनके नाम का बोर्ड भी स्थापित किया गया था. इसी प्रकार नीमडीह प्रखंड अंतर्गत जाहिरा मोड़ से चालियामा जाने वाले पथ का नामकरण भी गंगानारायण सिंह के नाम पर किया गया था और वहां भी उनके नाम का बोर्ड लगाया गया था. उन्होंने कहा - जाहिरा मोड़ पर स्थित गंगानारायण सिंह के नाम के बोर्ड को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त करने और तोड़ने का प्रयास किया गया.
समाज के लोगों में आक्रोश
घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों और गंगानारायण सिंह के प्रति सम्मान रखने वाले समाज के लोगों में आक्रोश और रोष व्याप्त है. उन्होंने कहा - गंगानारायण सिंह ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने क्षेत्र और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था. ऐसे स्वतंत्रता सेनानी एवं भूमिज विद्रोह के महानायक के नाम पर किए गए सार्वजनिक नामकरण बोर्ड को हटाना या क्षतिग्रस्त करना उनके सम्मान के साथ-साथ क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े गौरवपूर्ण इतिहास के साथ भी खिलवाड़ है.
घटना की जांच कराने की मांग
उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि घटना की तत्काल जांच कराने तथा बोर्ड को उखाड़कर फेंकने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए, साथ ही स्वतंत्रता सेनानी एवं भूमिज विद्रोह के महानायक गंगानारायण सिंह जी के नाम का बोर्ड उसी स्थान पर पुन: स्थापित किया जाए. इसके अलावा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित स्थानों पर सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था करने तथा आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग की गई है. इस अवसर पर रविंद्र सरदार, जयनाथ सिंह भुमिज,मंटू सिंह सरदार,फनीभुषन सिंह सरदार,जितू सिंह मुंडा, रविन्द्रनाथ सिंह,उमापद सिंह सरदार,श्रवन सिंह भुण्डा,सुबोध सिंह मुण्डा,मकर सिंह मुंडा आदि उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए