चांडिल स्टेशन बस्ती में नहीं हुई नाले की सफाई, रथ यात्रा से पहले सड़क पर बह रहा गंदा पानी, श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता

Author Himanshu gope|Edited by Priya Gupta
Updated:
विज्ञापन
चांडिल स्टेशन बस्ती में नहीं हुई नाले की सफाई, रथ यात्रा से पहले सड़क पर बह रहा गंदा पानी, श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता

चांडिल स्टेशन बस्ती के सड़क पर बहता नाला व बरसात का गंदा पानी | Prabhat Khabar Network

चांडिल स्टेशन बस्ती में नाले की सफाई न होने से सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। रथ यात्रा से पहले श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता, प्रशासन से सफाई की मांग।

विज्ञापन

चांडिल बाजार व चांडिल स्टेशन क्षेत्र में बरसात के बीच जलनिकासी व्यवस्था की बदहाल स्थिति एक बार फिर लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है. चांडिल स्टेशन बस्ती से चांडिल डाक बंगला तक करीब एक किलोमीटर लंबाई में नाले का गंदा पानी लगातार एनएच-32 सड़क पर बह रहा है. लंबे समय से बनी इस समस्या के बावजूद अब तक नाले की समुचित सफाई नहीं कराई गई है. इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों, राहगीरों तथा स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. सबसे अधिक चिंता इस बात की है कि गुरुवार को चांडिल की ऐतिहासिक रथ यात्रा इसी मार्ग से गुजरने वाली है, ऐसे में हजारों श्रद्धालुओं को गंदे पानी और कीचड़ के बीच आवागमन करना पड़ सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले में गाद और कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है. हल्की बारिश होते ही नाले का गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे सड़क फिसलन भरी हो जाती है. कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं. लगातार बहते गंदे पानी से आसपास दुर्गंध भी फैल रही है, जिससे दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की आशंका भी बनी हुई है. प्रशासन ने रथयात्रा को देखते हुए नाला सफाई को लेकर कोई सकारात्मक पहल नहीं की है. गुरुवार को चांडिल बाजार स्थित श्री साधु बांध मठिया से भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा तीन अलग-अलग रथों पर सवार होकर भव्य रथ यात्रा के साथ चांडिल स्टेशन स्थित गुड़िचा मंदिर (मौसीबाड़ी) के लिए प्रस्थान करेंगे. इस धार्मिक आयोजन में पश्चिम बंगाल के बलरामपुर, बागमुंडी व चांडिल समेत आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. ऐसे में यदि सड़क पर बह रहे गंदे पानी और कीचड़ की सफाई समय रहते नहीं हुई तो श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि चांडिल की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है. प्रशासन को चाहिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल नाले की सफाई कराए तथा सड़क पर जमा गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करे. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो रथ यात्रा की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ नगर की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा.

स्टेशन बस्ती और आसपास के दुकानदारों ने भी प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि कई दिनों से सड़क पर गंदा पानी बहने के कारण ग्राहक आने से कतराने लगे हैं. बदबू और जलभराव के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है. वहीं छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को भी सड़क पार करने में काफी परेशानी हो रही है.


विज्ञापन
Himanshu Gope

लेखक के बारे में

By Himanshu Gope

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola