जला ट्रांसफॉर्मर,अंधेरे में दो गांव; राजमहल में 15 दिन बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
पावर हाउस के समक्ष विरोध प्रदर्शन करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
15 दिनों से ट्रांसफार्मर जला, बिजली नहीं! भीषण गर्मी में राजमहल के दो गांव अंधेरे में डूबे. ग्रामीणों का गुस्सा फूटा.
राजमहल . प्रखंड क्षेत्र के मंडई पावर हाउस कार्यालय में शुक्रवार को आलमपुरा और सुखाड़ गांव के ग्रामीणों ने करीब 15 दिनों से जले ट्रांसफॉर्मर को नहीं बदले जाने के विरोध में प्रदर्शन किया . ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने और जल्द ट्रांसफॉर्मर लगाने का आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है . भीषण गर्मी में लगातार बिजली संकट के कारण दोनों गांवों के लोगों का जनजीवन प्रभावित है .
आपके शहर में
शॉर्ट सर्किट से जले ट्रांसफॉर्मर, 15-20 दिन से बिजली गुल
ग्रामीणों के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण दोनों स्थानों के ट्रांसफॉर्मर जल गये थे . इसके बाद बिजली विभाग के कार्यालय में लिखित आवेदन देकर इसकी सूचना दी गयी . संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को फोन के माध्यम से भी जानकारी दी गयी, लेकिन 15 से 20 दिन बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया .
लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती गयी . आखिरकार शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण मंडई पावर हाउस कार्यालय पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन किया .
करीब 90 से 100 उपभोक्ता प्रभावित
बताया गया कि मंडई क्षेत्र में करीब 40 उपभोक्ता और आलमपुरा क्षेत्र में करीब 45 से 50 उपभोक्ता बिजली संकट से प्रभावित हैं . लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण पेयजल, घरेलू कामकाज और मोबाइल चार्ज करने जैसी रोजमर्रा की जरूरतों में भी लोगों को परेशानी हो रही है .
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण रात में भी राहत नहीं मिल रही है . छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है . बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है .
आश्वासन के बाद भी नहीं बदला ट्रांसफॉर्मर
प्राणपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद कुदरत शेख ने कहा कि करीब 15 से 20 दिनों से ट्रांसफॉर्मर जला हुआ है . उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर जेई जय को फोन के माध्यम से जानकारी देकर समाधान का आग्रह किया गया था, लेकिन कई दिनों तक केवल आश्वासन मिलता रहा . मजबूर होकर ग्रामीणों को बिजली कार्यालय पहुंचकर विरोध करना पड़ा .
उन्होंने विभाग से अविलंब नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर दोनों गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की .
‘बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान’
ग्रामीण शबनम बीबी ने कहा कि करीब 15 दिनों से ट्रांसफॉर्मर जला पड़ा है, लेकिन अब तक उसे बदला नहीं गया . भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने से पूरे गांव के लोग परेशान हैं . खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कत हो रही है . कई बार विभाग को सूचना देने के बावजूद केवल आश्वासन मिला . इसी कारण ग्रामीणों को पावर हाउस पहुंचकर विरोध करना पड़ा .
विभाग ने तैयार किया एस्टीमेट, जल्द लगेगा नया ट्रांसफॉर्मर
इधर, सहायक विद्युत अभियंता पूरण कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर जलने की सूचना विभाग को मिल चुकी है . ग्रामीणों की ओर से आवेदन भी दिया गया है . विभाग ने नया ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर लिया है . जल्द ही नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा और बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जायेगी .
ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल कार्रवाई चाहिए . उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया, तो उनकी परेशानी और बढ़ेगी .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीप सिंह
दीप सिंह , 25 मार्च 2010 से प्रभात खबर से जुड़े हैं। रिपोर्टर के रूप में प्रभात खबर में कार्य शुरू किए। 2015 में राजमहल कार्यालय का मॉडेम प्रभारी बनाया गया। कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव, पड़ताल और जन समस्या की खबर पर बेहतर कार्य करने का मौका मिला। बीच के अंतराल में वर्ष 2018 से 5 अगस्त 2023 तक दैनिक हिंदुस्तान अखबार में राजमहल से कार्य किए। पुनः 12 अगस्त 2023 से अबतक वर्तमान में राजमहल मॉडेम कार्यालय के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहा हूं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक दोनों ही प्लेटफार्म पर बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए