आरओबी निर्माण के लिए 50.40 करोड़ का टेंडर जारी : पंकज मिश्रा
Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 10 Feb 2026 9:05 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
रेलवे की गति शक्ति योजना के तहत जिला प्रशासन व रेलवे के 18 सदस्यीय संयुक्त तकनीकी टीम ने एलाइनमेंट, लेवल और संरचनात्मक व्यवहार्यता का निरीक्षण किया.
साहिबगंज. शहर के सबसे व्यस्त रेलवे फाटकों पर जाम की स्थायी समस्या के समाधान की दिशा में तकनीकी स्तर पर ठोस प्रगति हुई है. पश्चिमी रेलवे फाटक गेट संख्या 82 तथा पूर्वी फाटक के समीप प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए ₹50.40 करोड़ की लागत से टेंडर आमंत्रित किया गया है. परियोजना की निर्माण अवधि 24 माह निर्धारित है. रेलवे की गति शक्ति योजना के तहत जिला प्रशासन व रेलवे के 18 सदस्यीय संयुक्त तकनीकी टीम ने एलाइनमेंट, लेवल और संरचनात्मक व्यवहार्यता का निरीक्षण किया. सर्वे के दौरान ओएचई की सेफ क्लियरेंस, मौजूदा ट्रैक ज्योमेट्री, सिग्नल इंटरलॉकिंग, भविष्य में फोर लाइन विस्तार योजना और रोड ट्रैफिक लोड को आधार बनाकर डिजाइन पैरामीटर तय किए गये. जानकारी के अनुसार, पूर्वी फाटक की ओर बनने वाला आरओबी करीब 29 पिलरों पर आधारित होगा, जबकि पश्चिमी फाटक गेट 82 पर प्रस्तावित पुल लगभग 17 पिलरों पर खड़ा किया जाएगा. सुपर स्ट्रक्चर में आरसीसी पियर, पाइल फाउंडेशन और प्रीकास्ट गर्डर टेक्नोलॉजी उपयोग की संभावना जताई गई है, ताकि निर्माण अवधि नियंत्रित रहे और रेलवे ब्लॉक न्यूनतम लगे. डिजाइन में मानक वर्टिकल क्लियरेंस, ड्रेनेज सिस्टम, अप्रोच रोड ग्रेडिएंट, शहरी यातायात डायवर्जन को भी शामिल किया गया है. प्रथम चरण में गोराबाड़ी हटिया साइड से निर्माण शुरू करने की तैयारी है, जिससे शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र पर ट्रैफिक दबाव कम पड़े. अधिकारियों का कहना है कि यह आरओबी केवल वर्तमान जाम की समस्या नहीं, बल्कि भविष्य के रेल विस्तार और भारी यातायात भार को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यारंभ होते ही साहिबगंज की यातायात व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव की नींव रखी जायेगी. झामुमो केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने बताया कि रेलवे द्वारा ओवरब्रिज निर्माण के लिए निविदा (टेंडर) जारी कर दिया गया है. फाटक पर जाम, दुर्घटना की आशंका और आवागमन में बाधा आम समस्या रही है. ओवरब्रिज बनने से ट्रैफिक जाम से राहत, व्यापार में तेजी और आपात सेवाओं को सुविधा मिलेगी. कहा कि अप्रैल माह तक और प्रगति दिख सकती है. साथ ही मरीन ड्राइव और एयरपोर्ट परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










