ePaper

साहिबगंज में महिला की संदिग्ध मौत, ठंड से मौत के दावे पर क्या बोले अंचल अधिकारी?

Updated at : 29 Dec 2024 6:31 PM (IST)
विज्ञापन
महिला की मौत के बाद जुटे स्थानीय लोग

महिला की मौत के बाद जुटे स्थानीय लोग

Suspicious Death Of Woman: झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत हो गयी है. परिजनों ने ठंड से मौत का दावा किया है. मृतका के परिजनों ने अंचल कार्यालय को इसकी लिखित सूचना दी है.

विज्ञापन

राजमहल (साहिबगंज), रतन कुमार-साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र की मोकिमपुर पंचायत के चंडीपुर गांव में रविवार की सुबह एक महिला की संदिग्ध मौत हो गयी. परिजनों ने ठंड से मौत होने का दावा किया है. उन्होंने इसकी सूचना अंचल अधिकारी एवं जिला के वरीय पदाधिकारियों को फोन पर दी. इसके साथ ही लिखित आवेदन अंचल कार्यालय (राजमहल) को दिया गया है. मृतका का नाम पुनिया देवी (35 वर्ष) है.

मृतका के पति राम प्रसाद मंडल हैं दिव्यांग

मृतका के पति राम प्रसाद मंडल दिव्यांग हैं. इस कारण वे कोई कार्य नहीं कर पाते हैं. ऐसे में मृतका ही मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी. खाना बनाने के लिए मृतका पुनिया देवी घर के अगल-बगल से लकड़ी चुनकर लायी. खाना बनाने के बाद बच्चों को खिलाकर सुला दी. उसके बाद आधी रात को ठंड से ठिठुरने लगी. सुबह होते-होते उसकी मौत हो गयी. परिजन, ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधियों ने ठंड से मौत होने का दावा करते हुए प्रशासन को लिखित आवेदन दिया है.

मृतका का हुआ अंतिम संस्कार


करीब 2 बजे अंचल अधिकारी मो यूसुफ पहुंचे और परिजनों से बातचीत की. परिजनों ने कहा कि ठंड से पुनिया देवी की मौत हुई है. सीओ के माध्यम से तीरपाल और कबंल मृतका के आश्रितों को दिया गया. मृतका अपने पीछे दिव्यांग पति, दो पुत्र करण कुमार (12 वर्ष) और अर्जुन कुमार (9 वर्ष) एवं पुत्री प्रियंका कुमारी (7 वर्ष) छोड़ गयी है. परिजनों ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया है. राजमहल विधायक मो ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा के निर्देश पर झामुमो नेता अजय दास और विकास यादव ने मृतका के परिजनों को आर्थिक सहयोग किया.

मृतका के परिजनों से मिले पूर्व विधायक


राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा मृतका के परिजनों से मिलने पहुंचे. उन्होंने कहा कि परिजन सहित पूरा समाज एवं पंचायत के जनप्रतिनिधि ठंड से मौत होने की बात कह रहे हैं और परिवार भी अत्यंत गरीब है, लेकिन कोई कदम प्रशासन की ओर से नहीं उठाया गया है. राज्य सरकार आवास को लेकर ढिंढोरा पीट रही है. लेकिन यहां गरीबों को आवास तक नसीब नहीं है.

क्या कहते हैं सीओ?


राजमहल के सीओ मो युसूफ ने कहा कि ठंड से मौत का कारण स्पष्ट नहीं है. यह डॉक्टर की रिपोर्ट से ही साबित हो सकता है. फिलहाल तिरपाल और कंबल उपलब्ध कराया गया है. आर्थिक मदद भी की गयी है. मृतका के आश्रित को अंबेडकर आवास जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा.

ये भी पढ़ें: राजमहल में फायर ब्रिगेड की गाड़ी गंगा में समायी, चालक की मौत

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola