बर्फ के गणेश से झारखंड की संस्कृति तक, साहिबगंज में इस बार खास गणेश मेला
अलग-अलग थीम पर बना भव्य पंडाल. | Prabhat Khabar Network
साहिबगंज में गणेश चतुर्थी का उत्साह. झारखंड की संस्कृति और बर्फ की गणेश प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र. विश्वकर्मा पूजा का भी आनंद.
साहिबगंज: गणेश चतुर्थी, तीज और चकचंदा (चौरचन या चौठचंद्र) को लेकर साहिबगंज शहर समेत पूरे जिले में धार्मिक उत्साह का माहौल है. गणेश पूजा को लेकर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भव्य तैयारी की गयी है. कई समितियां 15 सितंबर को गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजा शुरू करेंगी, जबकि कुछ पूजा समितियों ने मंगलवार दोपहर से ही प्रथम पूज्य भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजन की तैयारी शुरू कर दी है.
शहर के अलग-अलग हिस्सों में पूजा पंडाल सजकर तैयार हैं और शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है. इस बार विभिन्न पूजा समितियों ने अलग-अलग थीम पर पंडाल और प्रतिमा तैयार की है.
शहर के कई इलाकों में विराजेंगे गणपति
सकरूगढ़ नवीन कला बड़ी गणेश पूजा समिति, पोखरिया गणेश पूजा समिति, केलाबाड़ी धनगढसी गणेश पूजा समिति, रामपुर दहला गणेश पूजा समिति, गुल्ली भट्टा पांच मोड़ गणेश पूजा समिति, जड्डू मोड़ गणेश पूजा समिति और सब्जी मंडी गणेश पूजा समिति समेत कई स्थानों पर गणेश प्रतिमा स्थापित की जा रही है.
शहीद चौक-बघवा कुआं के पास, कॉलेज रोड के एन क्लब के समीप समेत अन्य स्थानों पर भी गणेश पूजा को लेकर विशेष तैयारी की गयी है.
कहीं झारखंड की संस्कृति तो कहीं बर्फ की प्रतिमा
इस बार गणेश पूजा में अलग-अलग थीम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी. सकरूगढ़ नवीन कला मंदिर की ओर से झारखंड की संस्कृति और उसकी खूबसूरत कला को पूजा पंडाल की थीम में शामिल किया गया है. प्रसिद्ध कलाकार श्याम विश्वकर्मा ने झारखंड की संस्कृति को कलात्मक रूप देने का काम किया है.
वहीं शांति नगर पोखरिया संगम संघ की ओर से इस बार बर्फ से बनी गणेश प्रतिमा स्थापित की गयी है. संघ के संतोष कुमार और रोशन कुमार ने बताया कि श्रद्धालु बर्फ से बनी गणेश प्रतिमा का दर्शन शाम 5 बजे से रात तक कर सकेंगे.
गणेश पूजा के साथ विश्वकर्मा पूजा का भी मिलेगा आनंद
इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए गणेश पूजा और विश्वकर्मा पूजा का उत्सव एक साथ देखने का अवसर मिल रहा है. पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल, भव्य प्रतिमा, विद्युत सज्जा और मेला की व्यवस्था की गयी है.
शहर के कई पूजा पंडालों में गणेश प्रतिमा का विसर्जन 18 सितंबर को किया जाएगा.
मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
गणेश पूजा और मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं.
भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और मेला क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. टाइगर मोबाइल गश्ती दल भी लगातार गश्त कर रहे हैं.
इसके अलावा चौक-चौराहों और प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गयी है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा और मेला घूमने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए