एथलेटिक्स से फुटबॉल तक होगा मुकाबला, बरहरवा में 15-16 सितंबर को खेलो झारखंड
प्रतीकात्मक तस्वीर.
बरहरवा में 15-16 सितंबर को आयोजित खेलो झारखंड प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के मुकाबले होंगे. देखें पूरी जानकारी.
प्रतिनिधि, बरहरवा: प्रखंड क्षेत्र के स्कूली विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता 15 और 16 सितंबर को शहर के स्वामी विवेकानंद क्रीड़ांगन, बरहरवा में आयोजित होगी.
प्रतियोगिता को लेकर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी कार्यालय की ओर से सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और प्रधान शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
पहले दिन एथलेटिक्स और वालीबॉल में जोर आजमाइश
कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर को अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में वालीबॉल और एथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी.
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर दौड़, हर्डल, हाई जंप, लॉन्ग जंप और थ्रो जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी.
प्रतियोगिता सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी.
दूसरे दिन कबड्डी, खो-खो और फुटबॉल का मुकाबला
16 सितंबर को अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में कबड्डी, खो-खो और फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी.
दोनों दिनों में खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर आयोजन स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है. टीमों को जर्सी के साथ फुटबॉल और वालीबॉल लेकर आने को भी कहा गया है.
प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मिलेगा खेलने का मौका
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा.
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सीआरपी, बीआरपी सहित संबंधित कर्मियों को आयोजन स्थल पर उपस्थित रहकर आवश्यक सहयोग करने का निर्देश दिया गया है.
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मिलेगा मौका
बीईओ रॉबिन मंडल ने बताया कि प्रखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होने का अवसर भी मिलेगा. इससे ग्रामीण और प्रखंड स्तर के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा को बड़े मंच तक ले जाने में मदद मिलेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए