तीनपहाड़ में 2 लाख की छिनतई का दावा, बाइक सवारों पर आरोप; CCTV खंगाल रही पुलिस

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

तीनपहाड़ में सीमेंट व्यापारी के कर्मी से दो लाख की लूट की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है. पूर्व में भी ऐसी घटनाएं फर्जी पाई गई थीं, अभी लिखित शिकायत नहीं मिली.

विज्ञापन

तीनपहाड़: थाना क्षेत्र के नीमगाछी गांव के समीप बरहेट जाने वाले मार्ग पर गुरुवार को सीमेंट कारोबारी के एक कर्मी से कथित तौर पर दो लाख रुपये की छिनतई किए जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार अज्ञात लोगों ने रास्ते में कर्मी की बाइक रोककर डिक्की में रखे दो लाख रुपये और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए.

विज्ञापन

घटना की सूचना मिलने के बाद तीनपहाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

बकाया रकम का तगादा कर लौट रहा था कर्मी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरहेट थाना क्षेत्र के एक सीमेंट कारोबारी का स्टाफ राजमहल थाना क्षेत्र के फूलबरिया स्थित एक सीमेंट व्यापारी के यहां बकाया रकम का तगादा करने गया था.

बताया गया कि वहां से तगादा कर वह अपनी बाइक से तीनपहाड़, नीमगाछी के समीप शामपुर वाले रास्ते से बरहेट की ओर लौट रहा था.

पीछे से बाइक सवारों ने रोका, डिक्की से पैसे ले जाने का दावा

कथित तौर पर इसी दौरान पीछे से अपाची बाइक पर सवार अज्ञात लोगों ने उसका पीछा किया. नीमगाछी के समीप आरोपियों ने कर्मी की बाइक रोक दी.

कर्मी के अनुसार, बाइक की डिक्की में रखे दो लाख रुपये और मोबाइल फोन लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद पीड़ित किसी तरह वापस नीमगाछी पहुंचा और एक राहगीर के मोबाइल फोन से अपने मालिक को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास के इलाके की छानबीन की और घटना से जुड़े संभावित सुराग जुटाने शुरू किए.

फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है, ताकि कथित घटना और बाइक सवारों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके.

पुलिस बोली- अभी तक नहीं मिला आवेदन

तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि पीड़ित की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.

उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. घटना में कितनी सच्चाई है, इसका जल्द खुलासा कर लिया जाएगा.

पहले भी सामने आ चुके हैं छिनतई के मामले

तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में पूर्व में भी छिनतई की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनसे इलाके में हड़कंप मचा था.

हालांकि, पुलिस की छानबीन और कड़ाई से पूछताछ के बाद दोनों मामलों को फर्जी पाया गया था. ऐसे में इस बार सामने आए दो लाख रुपये की कथित छिनतई के मामले में भी पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

जांच पूरी होने और आवश्यक साक्ष्य सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola