गंगा का जलस्तर बढ़ा तो एक्टिव हुआ प्रशासन, राजमहल में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंची राहत
राहत सामग्री देते एसडीओ . | Prabhat Khabar Network
गंगा जलस्तर बढ़ा, राजमहल में प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज किया. एसडीओ ने लिया जायजा, जरूरतमंदों को बांटा सामान.
प्रतिनिधि, राजमहल: राजमहल क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है. शनिवार को एसडीओ सदानंद महतो ने राजमहल प्रखंड के पूर्वी नारायणपुर पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया.
एसडीओ ने पंचायत के कॉलोनी नंबर 1, 2 और 3 में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से बातचीत की और बाढ़ के कारण उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण भी किया गया.
जलजमाव और पेयजल की समस्या की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने प्रभावित इलाकों में जलजमाव, आवागमन, पेयजल समेत अन्य समस्याओं की जानकारी ली.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया.
एसडीओ सदानंद महतो ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रख रहा है और आवश्यकता के अनुसार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी.
बाढ़ प्रभावितों की स्वास्थ्य जांच, दवाएं भी दी गयीं
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की. इस दौरान सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ जरूरत के अनुसार लोगों को दवाएं उपलब्ध करायी गयीं.
एसडीओ सदानंद महतो ने भी स्वास्थ्य केंद्र में अपना स्वास्थ्य जांच कराया और स्वास्थ्यकर्मियों से बाढ़ प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली.
जलजनित बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है.
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करायी जा रही हैं. बाढ़ के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वच्छ पानी पीने, आसपास साफ-सफाई रखने और किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करने की अपील की है.
बाढ़ के पानी में नहीं जाने की अपील

एसडीओ ने ग्रामीणों से बाढ़ के पानी में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की. उन्होंने प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की बात कही.
प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी लगातार जारी रखने की बात कही गयी है.
मौके पर राजस्व उपनिरीक्षक ब्रह्मदेव मंडल, अंचल अमीन मो. करीम, मुखिया प्रतिनिधि फटीक सरकार समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और अन्य लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए