8 साल की बच्ची की मौत पर सदर अस्पताल में हंगामा, इलाज में लापरवाही का आरोप

Updated:
विज्ञापन

मृत बच्ची l Prabhat Khabar Network

साहिबगंज में 8 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची मृत अवस्था में लाई गई थी.

विज्ञापन

साहिबगंज : बोरियो थाना क्षेत्र के कलवा टोला, बड़ा तौफीक मदनसाही निवासी सीबू मडैया की आठ वर्षीय पुत्री शीतल कुमारी की गुरुवार को मौत हो गयी. बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. सूचना मिलने पर जिरवाबाड़ी थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली.

आपके शहर में

विज्ञापन

घर में बेहोश मिली बच्ची

मृत बच्ची की मां ने बताया कि वह और उनके पति मजदूरी करते हैं. गुरुवार की सुबह उन्होंने शीतल को स्कूल जाने के लिए कहा था. बच्ची ने स्कूल जाने की इच्छा नहीं होने की बात कही, जिसके बाद मां ने उसे घर पर रहने को कहा और दोनों पति-पत्नी काम पर चले गये. करीब दो घंटे बाद पड़ोस के लोगों ने फोन कर बताया कि शीतल घर में बेहोश पड़ी है.

अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित

सूचना मिलने के बाद दोनों पति-पत्नी काम छोड़कर घर पहुंचे. बच्ची को बेहोशी की हालत में देखकर आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया. आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. केशव कृष्णा ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया.

परिजनों ने लगाया इलाज नहीं करने का आरोप

बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में उचित उपचार नहीं किये जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों का कहना था कि बच्ची को अस्पताल लाने के बाद उसका समुचित इलाज नहीं किया गया. वहीं चिकित्सक डॉ. केशव कृष्णा ने बताया कि बच्ची को जब अस्पताल लाया गया, तब उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी. जांच के दौरान बच्ची के मुंह से झाग निकल रहा था. चिकित्सक के अनुसार बच्ची को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था.

पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव

घटना की सूचना मिलने पर जिरवाबाड़ी थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल सकेगा.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola