एमएमडीआर बिल पर झामुमो का मोर्चा, राजमहल-उधवा में 7 सितंबर को होगा धरना
संबोधित करते पर्यवेक्षक मो मारूफ | Prabhat Khabar Network
एमएमडीआर बिल के विरोध में 7 सितंबर को राजमहल-उधवा में झामुमो का धरना. केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की तैयारी.
राजमहल : राजमहल के निरीक्षण भवन में गुरुवार को राजमहल प्रखंड, नगर और उधवा प्रखंड झामुमो कमेटी की संयुक्त बैठक आयोजित हुई. अध्यक्षता राजमहल प्रखंड अध्यक्ष अनिसूर रहमान ने की. बैठक में जिला उपाध्यक्ष सह पर्यवेक्षक संजीव सामु हेम्ब्रम और जिला युवा मोर्चा सचिव सह पर्यवेक्षक मो मारूफ सहित पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
आपके शहर में
7 सितंबर के आंदोलन की तैयारी
बैठक में एसआईआर तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में आगामी 7 सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन और प्रखंड स्तरीय धरना कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गयी.
गांव-गांव लोगों को जोड़ने की अपील
मो मारूफ ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद शिबू सोरेन के नेतृत्व में अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ. उन्होंने जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों को राज्य की महत्वपूर्ण संपत्ति बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार खनिज संशोधन विधेयक के जरिए राज्य के अधिकारों को कमजोर करने और खनिज संसाधनों पर नियंत्रण बढ़ाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को विधेयक के प्रावधानों की जानकारी देने और आंदोलन से जोड़ने की अपील की.
अधिकार प्रभावित होने का लगाया आरोप
संजीव सामु हेम्ब्रम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ऐसे कानून ला रही है, जिससे राज्य और राज्यवासियों के अधिकार प्रभावित होंगे. उन्होंने एमएमडीआर संशोधन के जरिए पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर विरोध करने का आह्वान किया.
बकाया राशि का मुद्दा उठाने की बात
झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक से झारखंड को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान और राज्य की बकाया राशि के मुद्दे को जनता के बीच उठाया जाएगा.
अलग-अलग प्रखंड कार्यालयों में धरना
7 सितंबर को राजमहल प्रखंड एवं नगर कमेटी की ओर से राजमहल प्रखंड कार्यालय तथा उधवा कमेटी की ओर से उधवा प्रखंड कार्यालय में धरना दिया जाएगा. बैठक में पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
मौके पर केंद्रीय सदस्य एखलाकुर रहमान, राजमहल नगर पंचायत अध्यक्ष केतबुद्दीन शेख, जिला सदस्य बारिक शेख, उधवा प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली, राजमहल नगर अध्यक्ष आजाद शेख, उधवा प्रखंड सचिव विश्वजीत मंडल, राजमहल प्रखंड उपाध्यक्ष मुर्शिद रजा, अब्दुल कादिर सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए