केले के बोरे और ‘कश्मीर एप्पल’ कार्टून में छिपी थी बीयर: पटना एक्सप्रेस से 230 कैन बरामद

Updated:
विज्ञापन

बरामद शराब के साथ आरपीएफ इंस्पेक्टर व अन्य | Prabhat Khabar Network

बरहरवा स्टेशन पर RPF ने पटना एक्सप्रेस से केले के बोरे और कश्मीर एप्पल कार्टून में छिपी 230 बीयर कैन जब्त.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, बरहरवा. मालदा रेल मंडल के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध खुफिया शाखा की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. ट्रेन के द्वितीय अंतिम सामान्य श्रेणी के कोच के वेस्टिब्यूल में संदिग्ध अवस्था में रखे छह प्लास्टिक बोरे और ‘कश्मीर एप्पल’ लिखे दो कार्टून मिले. तलाशी लेने पर इन सामानों के बीच छिपाकर रखे गये बीयर के कुल 230 कैन बरामद किये गये.

आपके शहर में

विज्ञापन

केले के बोरों और कार्टून में छिपाकर रखी थी बीयर

जांच के दौरान आरपीएफ और अपराध खुफिया शाखा की टीम को कोच संख्या ईआर-132454 के वेस्टिब्यूल में छह प्लास्टिक बोरे और दो कार्टून संदिग्ध अवस्था में मिले. बाहर से इनमें केले और ‘कश्मीर एप्पल’ का सामान होने का आभास हो रहा था. संदेह होने पर टीम ने जब सामान की तलाशी ली तो उसके बीच छिपाकर रखे गये बीयर के कैन बरामद हुए.

प्रत्येक कैन में 500 मिलीलीटर बीयर थी. इस तरह कुल 115 लीटर बीयर बरामद की गयी. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 25,300 रुपये बतायी गयी है.

संयुक्त टीम ने ट्रेन में चलाया जांच अभियान

जानकारी के अनुसार बुधवार की रात अपराध खुफिया शाखा के उपनिरीक्षक नंदन कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी नूपुर बरन मिर्धा तथा बरहरवा आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान और ड्यूटी पर तैनात प्लेटफॉर्म स्टाफ प्रधान आरक्षी पिनाकी सरकार की संयुक्त टीम ट्रेन संख्या 13415 की जांच कर रही थी.

इसी दौरान द्वितीय अंतिम सामान्य श्रेणी के कोच में संदिग्ध सामान पर टीम की नजर पड़ी. जांच करने पर शराब की खेप बरामद हुई.

किसी यात्री ने नहीं किया सामान पर दावा

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के अनुसार, कोच में मौजूद यात्रियों से संदिग्ध सामान के संबंध में पूछताछ की गयी. हालांकि, किसी भी यात्री ने बरामद सामान पर अपना दावा नहीं किया. इसके बाद आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के पदाधिकारी एवं कर्मियों की सहायता से शराब को बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर उतारा गया.

सभी बीयर कैन को लावारिस के रूप में जब्त कर लिया गया. बरामद शराब के संबंध में साहेबगंज उत्पाद विभाग के निरीक्षक को सूचना दे दी गयी है. मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई उत्पाद विभाग की ओर से की जा रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola