साहिबगंज शहर में बाढ़ का कहर,घरों से लेकर कॉलेज हॉस्टल तक घुसा पानी
बाढ़ में डूबा भाजपा नेता अमित सिंह का घर | Prabhat Khabar Network
साहिबगंज शहर में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है, जिससे घरों से लेकर कॉलेज हॉस्टल तक पानी भर गया है. बाढ़ के कारण सांप-बिच्छुओं का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे लोगों में दहशत है.
प्रतिनिधि, साहिबगंज. साहिबगंज शहर में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है. बाढ़ का पानी अब शहर के कई घरों और प्रमुख इलाकों में प्रवेश कर चुका है. भाजपा नेता अमित सिंह ने दावा किया कि उनके आवास के आसपास के पांच वार्डों समेत शहर के पश्चिमी हिस्से के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है. उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत और बचाव कार्य चलाने की मांग की है.
आपके शहर में
पांच वार्डों में घुसा बाढ़ का पानी
अमित सिंह के अनुसार, उनके निवास के आसपास के वार्ड संख्या 11, 13, 14, 17 और 18 में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है. वहीं, शहर के पश्चिमी हिस्से के तीन-चार वार्ड भी बाढ़ से प्रभावित हैं. उन्होंने भारतीय कॉलोनी, महिला कॉलेज के समीप के इलाके, पुरानी साहिबगंज और नया टोला में भी बाढ़ का पानी घुसने की बात कही है.
साहिबगंज कॉलेज हॉस्टल में भी पानी, छात्रों की बढ़ी परेशानी
भाजपा नेता ने बताया कि साहिबगंज कॉलेज के पिछले हिस्से और कॉलेज हॉस्टल में भी पानी पूरी तरह प्रवेश कर चुका है. इससे हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के सामने रहने और भोजन की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है. शहर के बीचोबीच बाढ़ का पानी जमा होने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.
बाढ़ के पानी के बीच सांप-बिच्छुओं का खतरा
बाढ़ प्रभावित इलाकों में सांप और बिच्छू निकलने की बात भी सामने आ रही है. इससे लोगों में दहशत का माहौल है. घरों और आसपास के इलाकों में पानी घुसने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है.
राहत-बचाव तेज करने और स्कूल बंद कराने की मांग
अमित सिंह ने जिला प्रशासन से गरीब और बाढ़ प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत सामग्री पहुंचाने तथा बचाव अभियान तेज करने का आग्रह किया है. उन्होंने शहर के बाढ़ प्रभावित सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को भी एहतियातन बंद कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए