चांदशहर में बार-बार जल रहा ट्रांसफार्मर, टूटकर गिर रहे तार; बिजली व्यवस्था बदहाल
जला ट्रांसफार्मर | Prabhat Khabar Network
चांदशहर में ट्रांसफार्मर जलने और जर्जर तारों से बिजली आपूर्ति ठप, ग्रामीणों की जान जोखिम में। नया ट्रांसफार्मर और तार बदलने की मांग।
उधवा : उधवा प्रखंड के चांदशहर पंचायत में विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. ट्रांसफार्मर की खराबी और जर्जर तारों के कारण जहां बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, वहीं लोगों की जान पर भी खतरा बना हुआ है. पंचायत के वार्ड संख्या 2 में शनिवार की शाम 63 केवी ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई. इससे करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई.
आपके शहर में
बार-बार खराब हो रहा ट्रांसफार्मर
बिजली बाधित होने के बाद ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में आए दिन ट्रांसफार्मर में खराबी, तार गिरने समेत अन्य तकनीकी समस्याएं उत्पन्न होती रहती हैं. कुछ दिन पहले भी ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसके बाद विभाग को आवेदन देने पर उसकी रिपेयरिंग कराई गई थी. इसके बावजूद शनिवार की शाम ट्रांसफार्मर फिर जल गया.
जर्जर तार से बना रहता है खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तार के कारण आए दिन तार टूटकर गिर जाते हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है. बीते शुक्रवार को जर्जर तार टूटकर गिरने से चापानल में पानी भरने के दौरान बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए थे.
25 अगस्त को दिया था आवेदन
ग्रामीणों ने बताया कि बीते 25 अगस्त को विद्युत विभाग को आवेदन देकर जर्जर तारों और विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की गई थी. इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ट्रांसफार्मर की रिपेयरिंग कराने के बजाय अधिक क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाने और जर्जर तारों को बदलने की आवश्यकता है.
नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों ने भीषण गर्मी और अन्य परेशानियों को देखते हुए अविलंब जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग की है. साथ ही विभाग से जर्जर तारों और विद्युत उपकरणों को तत्काल दुरुस्त कर गांव में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए