करमटोली से मदरा मुंडा चौक तक बदलेगी सड़क की सूरत, 8.20 किमी के काम का टेंडर जारी
करमटोली से मदरा मुंडा चौक तक बदलेगी सड़क की सूरत
रांची में करमटोली से बोडेया तक 8.20 किमी लंबी सड़क का नया सरफेस बनाया जाएगा. पथ प्रमंडल रांची ने इसके लिए टेंडर जारी किया है, जिससे स्थानीय लोगों को खराब सड़क से निजात मिलेगी. इस योजना पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
रांची. करमटोली चौक से बोडेया होते हुए रिंग रोड के समीप महाराजा मदरा मुंडा चौक तक 8.20 किमी सड़क का नया सरफेस बनाया जायेगा. पथ प्रमंडल रांची की ओर से इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. योजना पर करीब पांच करोड रुपये खर्च होने का अनुमान है. इस माह के अंत तक टेंडर फाइनल करने की तैयारी है. इसके बाद अक्तूबर से सड़क का काम शुरू कराया जायेगा.
फिलहाल करमटोली से मदरा मुंडा चौक तक सड़क की स्थिति कई जगह खराब है. खासकर चिरौंदी और बोडेया इलाके में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं. बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से आवागमन में परेशानी होती है. सड़क पर कीचड की स्थिति भी बन जाती है. गड्ढों के कारण वाहनों के आवागमन में दिक्कत होती है. बारिश के बाद सड़क सूखने पर धूल की समस्या भी बनी रहती है.
सड़क की खराब स्थिति को लेकर हुआ था प्रदर्शन
सड़क की खराब स्थिति से परेशान क्षेत्र के लोगों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन भी किया था. दो दिन पूर्व बोडेया में स्थानीय लोग सड़क पर जमा हुए और धरना दिया. लोगों ने सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण कराने की मांग की थी.
करमटोली-चिरौंदी के बीच फ्लाइओवर की भी योजना
करमटोली चौक से चिरौंदी तक फ्लाइओवर निर्माण की भी योजना प्रस्तावित है. इसके लिए टेंडर जारी किया जा चुका है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद फ्लाइओवर का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए