School Bus Accident News : मेराल में बेकाबू स्कूल बस खाई में गिरी, एक बच्चे की मौत, दर्जनों घायल
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 22 Dec 2024 12:59 AM
मेराल थाना क्षेत्र के संगवरिया गांव में शनिवार को मेराल-बंका पथ पर संगवरिया पंचायत भवन के समीप पाराडाइज पब्लिक स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. स्कूल बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी. हादसे में एक बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.
मेराल(गढ़वा). मेराल थाना क्षेत्र के संगवरिया गांव में शनिवार को मेराल-बंका पथ पर संगवरिया पंचायत भवन के समीप पाराडाइज पब्लिक स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. स्कूल बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी. हादसे में एक बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. मृत बच्चे की पहचान पतरिया गांव के रामप्रवेश पाल के पुत्र राजू कुमार पाल के रूप में हुई है. वह सातवीं कक्षा का छात्र था. हादसे में बस में सवार दर्जनों बच्चे और शिक्षक घायल हो गये हैं. गंभीर रूप से घायल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. इधर, हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने छात्र के शव के साथ सड़क जाम कर दी और मुआवजे की मांग करने लगे. मौके पर पहुंचे सीओ व पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया.
दोपहर दो बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर 02:00 बजे हुआ. संगवरिया पंचायत भवन के समीप बाइक सवार दो लोगों को बचाने के क्रम में बच्चों से भरी स्कूल बस बेकाबू होकर खाई में पलट गयी. हादसे के बाद बाइक सवार युवक और बस चालक फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़ कर घायल बच्चों और शिक्षकों को बस से बाहर निकाला. साथ ही मेराल थाना को हादसे की सूचना दी. सूूचना पाकर मेराल बीडीओ सतीश भगत, थाना प्रभारी विष्णुकांत पुलिस बल के साथ और छात्रों के परिजन मौके पर पहुंच गये. वहीं, घटना की सूचना पर मेराल चिकित्सा प्रभारी वीरेंद्र कुमार, डॉ अनिल शाह और डॉ शशि कुमार मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल ही जांच के क्रम में छात्र राजू कुमार पाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य घायल बच्चों और शिक्षकों का एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, जहां सभी का प्राथमिकी इलाज किया गया.
प्राथमिक उपचार के बाद भेजा गया सदर अस्पताल
गंभीर रूप से घायल छात्र नीरज पाल (पिता-अखिलेश पाल) का इलाज मेराल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है. वहीं, अन्य घायलों में शामिल सुकरा बेगम कक्षा दो, कृतिका रानी कक्षा सात, राधा कुमारी कक्षा एक और आकाश यादव कक्षा छह सहित अन्य को बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया. वहीं, दो शिक्षक लालजी पाल और दीनानाथ चौधरी भी घायल हैं. इन दोनों को भी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.छात्र के परिजन को एक लाख मुआवजे का आश्वासन : हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने छात्र के शव के साथ सड़क जाम कर दी. इसकी जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी यशवंत कुमार नायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये. उन्होंने ग्रामीणों और मृतक छात्र के परिजन को समझा-बुझाया. साथ ही आपदा राहत कोष से मृतक के परिजन को एक लाख रुपये बतौर मुआवजा देने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










