इस बार चुनाव में सर्वाधिक 244 प्रत्याशी,चुनावी दंगल में 212 पुरुषों के साथ 31 महिलाएं व एक ट्रांसजेंडर भी

Updated:
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव 2024 में राज्य गठन के बाद से सबसे अधिक उम्मीदवार चुनावी दंगल में किस्मत आजमाने उतरे हैं. इस बार राज्य की सभी 14 संसदीय सीटों पर कुल 244 प्रत्याशियों के बीच चुनावी जंग हो रही है.

विज्ञापन

रांची. लोकसभा चुनाव 2024 में राज्य गठन के बाद से सबसे अधिक उम्मीदवार चुनावी दंगल में किस्मत आजमाने उतरे हैं. इस बार राज्य की सभी 14 संसदीय सीटों पर कुल 244 प्रत्याशियों के बीच चुनावी जंग हो रही है. इनमें 212 पुरुष व 31 महिलाओं के साथ एक ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं. वर्ष 2019 में संपन्न लोकसभा चुनाव में कुल 229 प्रत्याशी चुनाव लड़े थे. जिसमें 204 पुरुष और 25 महिलाएं शामिल थी. वहीं, 2014 के लोकसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या 240 थी. उनमें 222 पुरुष के अलावा 18 महिलाएं भी थी.

चुनाव आयोग का मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने कहा कि चुनाव आयोग का फोकस मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर है. इसके लिए जन-जागरूकता के साथ तमाम प्रयास किये जा रहे हैं. माइकिंग से मतदाताओं को जागरूक कर मतदान केंद्र तक ले जाने के लिए मोबलाइजेशन पर जोर दिया गया है. उन्होंने कहा कि मतदान के लिए लोगों को ज्यादा इंतजार नहीं करने देने के लिए वोटिंग की गति बढ़ाने के उपाय किये गये हैं. एक बार में तीन मतदाताओं को मतदान केंद्र के भीतर जाकर वोटिंग की सुविधा दी जा रही है. इसके अलावा 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों पर अतिरिक्त मतदानकर्मी भी लगाये गये हैं. रिजर्व में रखे गये मतदानकर्मियों को भी जरूरत के अनुसार मतदान केंद्रों पर लगाया जायेगा.

मतदाता सूची का सीरियल नंबर लेकर वोट देने जायें

श्री रविकुमार ने मतदाताओं से मतदान के लिए जाते समय मतदाता सूची का सीरियल नंबर नोट कर बूथ पर लेकर जाने की अपील की है. ऐसा करने पर मतदाताओं के सीरियल नंबर का मिलान करने में बेवजह समय जाया नहीं होगा. उन्होंने कहा कि अगर वोटर इनफार्मेशन स्लिप मतदाता तक नहीं पहुंचा हो, तो वोटर हेल्पलाइन ऐप से भी अपना सीरियल नंबर नोट किया जा सकता है.

पांच दिनी अभियान शुरू, मतदाता जागरूकता के लिए वाहन रवाना

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रादेशिक कार्यालय केंद्रीय संचार ब्यूरो, रांची ने शुक्रवार से पांच दिवसीय मतदाता जागरूकता अभियान की शुरुआत की. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने मतदाता जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. केंद्रीय संचार ब्यूरो के कार्यालय प्रमुख शाहिद रहमान ने बताया कि जागरूकता वाहन रांची लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में घूम कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करेगा. मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से धनबाद व दुमका इकाई भी विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है. मौके पर विशेष रूप से आमंत्रित गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक व संत जेवियर स्कूल, डोरंडा के शिक्षक संतोष कुमार ने युवाओं से लोकतंत्र के महापर्व को उत्सव जैसा मनाने की अपील की. कार्यक्रम में उप निदेशक, जनसंपर्क आनंद, पत्र सूचना कार्यालय के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सहित सीबीसी एवं पीआईबी के कर्मी उपस्थित थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola