शिक्षकों के अगस्त वेतन का भुगतान नहीं, ऑफलाइन प्रशिक्षण स्थगित करने की भी मांग
झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने 29 सितंबर तक ऑफलाइन प्रशिक्षण स्थगित करने और शिक्षकों का बकाया वेतन जारी करने की मांग की है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
रांची. झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों के ऑफलाइन प्रशिक्षण की प्रक्रिया 29 सितंबर तक स्थगित करने की मांग की है. संघ के प्रदेश महासचिव गंगा प्रसाद यादव ने कहा कि फिलहाल राज्य में शिक्षकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण चल रहा है. इसके बीच 14 सितंबर से ऑफलाइन प्रशिक्षण शुरू करने का निर्देश जारी किया गया है.
एसआइआर कार्य में प्रतिनियुक्त हैं शिक्षक
संघ का कहना है कि राज्यभर में बड़ी संख्या में शिक्षक एसआइआर के कार्य में प्रतिनियुक्त हैं. इसके अलावा पर्व-त्योहार का समय भी है. ऐसे में एक साथ ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण की प्रक्रिया से शिक्षकों को परेशानी होगी. संघ ने मांग की है कि पहले ऑनलाइन प्रशिक्षण पूरा कराया जाये और इसके बाद ऑफलाइन प्रशिक्षण शुरू किया जाये.
इस संबंध में संघ की ओर से माध्यमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा गया है. संघ ने शिक्षकों के बकाया वेतन का भुगतान जल्द कराने की मांग भी की है.
अगस्त का वेतन अब तक नहीं मिलने की बात
संघ के अनुसार हाइस्कूल शिक्षकों को अगस्त माह का वेतन अब तक नहीं मिला है. जिलों की ओर से जुलाई माह का उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं भेजे जाने के कारण निदेशालय स्तर से वेतन भुगतान के लिए राशि आवंटित नहीं की गयी है. संघ ने उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजने और शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए