रांची एयरपोर्ट पर 17 सितंबर से शुरू होगा ‘यात्री सेवा अभियान 2026’, 24 दिन तक सेवा, सुरक्षा और स्वच्छता पर रहेगा फोकस
रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार.
रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक 'यात्री सेवा अभियान 2026' का आयोजन कर रहा है. इस 24 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना और एयरपोर्ट पर सेवा, स्वच्छता, सुरक्षा व विनम्र व्यवहार को बढ़ावा देना है. अभियान "सेवा एवं संकल्प - सर्विस विद स्माइल" पर केंद्रित रहेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर विशेष समीक्षाएं और सुधार गतिविधियां होंगी.
रांची से राजकुमार लाल की रिपोर्ट
Ranchi News: रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक "यात्री सेवा अभियान 2026" चलाया जाएगा. रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बुधवार को बताया कि 24 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और एयरपोर्ट पर सेवा, स्वच्छता, सुरक्षा, सुगम्यता तथा विनम्र व्यवहार की संस्कृति को और मजबूत बनाना है. अभियान का मूल संदेश "सेवा एवं संकल्प - सर्विस विद स्माइल" रखा गया है. इस दौरान हर दिन एक अलग विषय पर विशेष समीक्षा, निरीक्षण और सुधारात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
17 सितंबर को होगा अभियान का शुभारंभ
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगी. इस अवसर पर वंदे मातरम्, लोक नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी. यात्रियों की सहायता के लिए पैसेंजर असिस्टेंस प्रोग्राम चलाया जाएगा और सेल्फी विद पीएम बूथ भी बनाया जाएगा.
स्वच्छता से पार्किंग तक हर सुविधा की होगी समीक्षा
- 18 सितंबर को एयरपोर्ट के एप्रोच रोड, एंट्री एरिया और फोरकोर्ट की विशेष सफाई की जाएगी. साथ ही लाइटिंग, ग्लास, डस्टबिन और यात्री आवागमन वाले क्षेत्रों का निरीक्षण होगा.
- 19 सितंबर को पार्किंग व्यवस्था, टैक्सी, ऑटो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ऐप कैब से जुड़ी सुविधाओं तथा ट्रैफिक मैनेजमेंट की समीक्षा की जाएगी.
- 20 सितंबर को बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. वरिष्ठ नागरिकों और पीआरएम यात्रियों के लिए प्राथमिकता वाली सीटों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी.
दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं पर फोकस
- 21 सितंबर को "सुगम यात्रा" थीम के तहत व्हीलचेयर, रैंप, लिफ्ट, सुलभ शौचालय और प्राथमिकता सहायता जैसी सुविधाओं की जांच होगी.
- 22 सितंबर को एयरपोर्ट के वेफाइंडिंग सिस्टम, डाइरेक्शन साइनेज, फ्लाइट इन्फॉर्मेशन डिस्पले सिस्टम (FIDS), गेट और बैगेज बेल्ट की जानकारी तथा सार्वजनिक घोषणाओं की समीक्षा की जाएगी.
- 23 सितंबर को बैगेज बेल्ट, ट्रॉली, डिस्प्ले और लॉस्ट एंड फाउंड व्यवस्था का निरीक्षण कर यात्रियों के सामान की आवाजाही को और सुगम बनाने पर जोर दिया जाएगा.
सुरक्षा, डिजिटल सेवाएं और पीने के पानी की जांच
- 24 सितंबर को सीआईएसएफ के साथ मिलकर सुरक्षा जांच के दौरान शिष्टाचार, कतार प्रबंधन, हेल्पडेस्क और यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा.
- 25 सितंबर को एयरपोर्ट के सभी आरओ, वाटर कूलर्स, वाटर एटीएम और अन्य पेयजल केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा.
- 26 सितंबर को डिजी यात्रा, मुफ्त वाई-फाई, चार्जिंग प्वाइंट्स, यूपीआई और क्यूआर आधारित सेवाओं सहित डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की जाएगी.
विश्व पर्यटन दिवस पर झारखंड की संस्कृति होगी प्रदर्शित
- 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर "अतिथि देवो भव" थीम के तहत झारखंड की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, ODOP उत्पाद और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए एयरपोर्ट को राज्य की सांस्कृतिक पहचान के प्रवेश द्वार के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास होगा.
- 28 सितंबर को महिलाओं, बच्चों और परिवारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं जैसे बेबी केयर रूम, नर्सिंग रूम, सैनिटरी पैड सुविधा और महिला हेल्पडेस्क की समीक्षा होगी.
- 29 सितंबर को एयरसेवा, सीपीजीआरएएमएस और फीडबैक क्यूआर के माध्यम से यात्रियों की शिकायतों और सुझावों पर विशेष ध्यान देते हुए "Listen and Resolve" पहल चलाई जाएगी.
गांधी जयंती पर स्वच्छता दिवस का ऑडिट
- 30 सितंबर को एयरपोर्ट को "Gateway to Local Culture" के रूप में प्रस्तुत करते हुए स्थानीय कलाकारों और संस्थानों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा.
- 1 अक्टूबर को उड़ानों की समयबद्धता और यात्री सूचना व्यवस्था की समीक्षा होगी, जबकि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर स्वच्छता दिवस मनाकर टर्मिनल, शौचालय और अन्य यात्री संपर्क क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलेगा.
- 3 से 9 अक्टूबर के बीच ग्रीन एयरपोर्ट, मेडिकल तैयारी, स्टाफ प्रशिक्षण, पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की सहायता, विभिन्न एजेंसियों के समन्वय और व्यापक सेवा गुणवत्ता ऑडिट जैसे कार्यक्रम होंगे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, बोले- 'देश बेचकर OBC को ठेंगा दिखा रही केंद्र सरकार'
10 अक्टूबर को होगा समापन
अभियान का समापन 10 अक्टूबर को होगा. इस दौरान यात्रियों से मिले फीडबैक, अभियान के दौरान हुए सुधार और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा किया जाएगा. उत्कृष्ट कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों को सम्मानित किया जाएगा तथा भविष्य में इन सुधारों को लगातार जारी रखने के लिए Sustenance Plan लागू किया जाएगा. एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य केवल 24 दिनों का अभियान चलाना नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर सेवा देने की स्थायी कार्यसंस्कृति विकसित करना है.
इसे भी पढ़ें: रांची की ओबीसी हुंकार रैली में हजारीबाग के कार्यकर्ताओं की गूंजी आवाज, जनगणना फॉर्म में अलग कॉलम की उठी मांग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए