ePaper

धनबाद में अब नहीं लगेगा नया हार्ड व सॉफ्ट कोक प्लांट, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद का फैसला

Updated at : 09 Aug 2023 7:36 AM (IST)
विज्ञापन
धनबाद में अब नहीं लगेगा नया हार्ड व सॉफ्ट कोक प्लांट, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद का फैसला

धनबाद में वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने अहम फैसला लिया है. इसके तहत धनबाद में अब नये हार्ड व सॉफ्ट कोक प्लांट लगाने पर रोक लगा दी है. यह आदेश वायु गुणवत्ता में सुधार तक जारी रहेगा.

विज्ञापन

Jharkhand News: धनबाद में अब हार्ड कोक और सॉफ्ट कोक का नया प्लांट नहीं लगेगा. यह निर्णय झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने लिया है. धनबाद में वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए यह फैसला किया गया है. आदेश वायु गुणवत्ता में सुधार तक जारी रहेगा. मंगलवार को रांची के डोरंडा स्थित पलाश सभागार में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम पर आयोजित बैठक में तय किया गया कि नये हार्ड कोक और सॉफ्ट कोक के लिए नयी स्थापना सहमति (सीटीओ) नहीं दी जायेगी.

बैठक में दिये गये कई सुझाव

प्रदूषण बोर्ड के अध्यक्ष शशिकर सामंता ने बैठक की अध्यक्षता की. इसमें धनबाद के जिला वन पदाधिकारी विकास पालीवाल भी मौजूद थे. बैठक में धनबाद की वायु गुणवत्ता की स्थिति पर चर्चा की गयी. खनन इकाइयों को वायु गुणवत्ता में सुधार करने की दिशा में दिशा-निर्देश दिये गये. साथ ही, इसका अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है. बैठक में मौजूद बीसीसीएल, सेल एवं टाटा स्टील के प्रतिनिधियों को सुझाव दिया गया कि वे वायु की गुणवत्ता से संबंधित शोध और अनुसंधान का काम करें. बैठक में सदस्य सचिव वाइके दास, खनन विभाग के पदाधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे.

Also Read: झारखंड : पूर्वी सिंहभूम के गालूडीह में गरजे जयराम महतो, कहा- खनिज देकर हम फटी कमीज पहनने को हैं मजबूर

धनबाद में दूसरी बार लगा यह प्रतिबंध

धनबाद में वायु प्रदूषण की वजह से दूसरी बार नये उद्योग के खुलने पर प्रतिबंध लगा है. इससे पहले जनवरी 2010 में भारत सरकार के वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने नये उद्योग खोलने पर प्रतिबंध लगा दिया था. यह प्रतिबंध सितंबर 2013 तक प्रभावी था. उस प्रतिबंध के तहत धनबाद नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ निरसा, गोविंदपुर और झरिया में नये उद्योगों के खोलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था.

उठ रहे हैं सवाल

राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के इस निर्णय पर सवाल उठने लगे हैं. नेशलन क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत धनबाद में कई स्थानों पर वायु प्रदूषण की स्थिति की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है. आंकड़े बता रहे हैं कि वायु प्रदूषण के सभी घटक अपने तय मानक से कम हैं. ऐसे में नये हार्ड कोक और सॉफ्ट कोक प्लांट नहीं लगाने के निर्णय पर सवाल उठे रहे हैं.

Also Read: झारखंड : सीएम हेमंत सोरेन को ईडी का समन, 14 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया

मंगलवार सात बजे धनबाद में वायु प्रदूषण की स्थिति

प्रमुख प्रदूषक घटक : लुबी सर्कुलर रोड : चासनाला : मानक

पीएम10  : 74.6 : 82.8 : 100

पीएम2.5 : 46.4 : 38.2 : 60

एनएच3 (अमोनिया)  : 2.46 : 8.48  : 40 -80

सीओ (कार्बन मोनोऑक्साइड) : 1.56 : 2.4 : 4- 6

एसओ2 (सल्फर डाइऑक्साइड) : 12.937 : 14.651 : 15

एनओ2 (नाइट्रोजन ऑक्साइड) : 14.243 : 16.235 : 15

सीसा (लेड) : 0.201 : 0.304 : 0.75 -1.0

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola