ePaper

डेंटल चेयर और मोबाइल डेंटल वैन की खरीद में भारी गड़बड़ी : 55 लाख की वैन, 1.65 करोड़ भुगतान

Updated at : 25 Jun 2020 2:32 AM (IST)
विज्ञापन
डेंटल चेयर और मोबाइल डेंटल वैन की खरीद में भारी गड़बड़ी : 55 लाख की वैन, 1.65 करोड़ भुगतान

रिम्स डेंटल कॉलेज में डेंटल चेयर और मोबाइल डेंटल वैन की खरीद में भारी गड़बड़ी हुई है. मनमानी कीमतों पर उपकरणों की खरीदारी की गयी. इसके बावजूद एकरारनामा के मुताबिक उपकरण और वैन कॉलेज को नहीं मिले.

विज्ञापन

रांची : रिम्स डेंटल कॉलेज में डेंटल चेयर और मोबाइल डेंटल वैन की खरीद में भारी गड़बड़ी हुई है. मनमानी कीमतों पर उपकरणों की खरीदारी की गयी. इसके बावजूद एकरारनामा के मुताबिक उपकरण और वैन कॉलेज को नहीं मिले. महालेखाकार (एजी) की जांच में इसकी पुष्टि हुई है. एजी ने 20 जून को ही जांच रिपोर्ट रिम्स प्रबंधन को भेज दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, उपकरण की खरीद कैलाश सर्जिकल और विशाल सर्जिकल से की गयी थी. इसमें डेंटल वैन के लिए वास्तविक मूल्य (करीब 55 लाख) से तीन गुनी अधिक कीमत (1.65 करोड़ रुपये) चुकायी गयी.

जांच में पता चला कि मोबाइल वैन में मरीज को परामर्श देने के लिए डॉक्टर का अलग केबिन नहीं था. वहीं, डेंटल चेयर भी स्पेशिफिकेशन के अनुरूप नहीं था. एजी की टीम ने जब भौतिक सत्यापन किया, तो खरीद के अभिलेख के हिसाब से कई सामान गायब मिले. कॉलेज में लगाये गये डेंटल चेयर में गड़बड़ी मिली. डेंटल चेयर के साथ मॉड्यूलर चेयर नहीं है. चेयर के साथ अटैच पानी गर्म करने के उपकरण भी गायब थे. सेंसर लाइट की जगह सामान्य लाइट लगी थी.

प्रत्येक चेयर के साथ 17 इंच का एलइडी मॉनिटर लगा होना चाहिए था, जो नहीं पाया गया. टीम ने लिखा है कि खरीद की प्रक्रिया के एकरारनामा में पूर्व निदेशक डॉ आरके श्रीवास्तव, डेंटल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ पंकज गोयल, वर्तमान अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप, दंत चिकित्सक डॉ बीके प्रजापति ने हस्ताक्षर किया है. यहां बताते दें कि डॉ आरके श्रीवास्तव सेवानिवृत्त हो गये हैं. वहीं, डॉ पंकज गोयल का लियेन खत्म होने पर वह अपने कॉलेज वापस लौट गये हैं.

महालेखाकार की जांच रिपोर्ट 20 जून को प्राप्त हुई है, जिसमें बड़ी गड़बड़ी की पुष्टि हुई है. रिपोर्ट का अध्ययन कर महालेखाकार व स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गयी है.

डॉ दिनेश कुमार सिंह, निदेशक, रिम्स

रिम्स डेंटल कॉलेज के लिए मनमानी कीमत पर खरीद

  • गड़बड़ी : महालेखाकार की जांच में हुई पुष्टि, रिम्स प्रबंधन को भेजी गयी रिपोर्ट

  • कैलाश सर्जिकल और विशाल सर्जिकल से की गयी उपकरण की खरीद

  • मनमानी कीमत देने के बाद भी एकरारनामा के मुताबिक नहीं मिले सामान

स्वास्थ्य विभाग व तकनीकी कमेटी के बाद एजी ने की जांच :रिम्स के डेंटल कॉलेज में उपकरण खरीद में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अपनी टीम से जांच करायी थी, जिसमें गड़बड़ी पायी गयी थी. इसके बाद रिम्स प्रबंधन ने दंत चिकित्सकों की टीम को तकनीकी जांच का जिम्मा दिया. रिपोर्ट को रिम्स प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग को भेजा, जिसके बाद विभाग ने एजी से जांच करने का आग्रह किया था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola