रांची में 4-5 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव, 150 से अधिक बाल गोपाल होंगे पुरस्कृत; 25 फीट की दही-हांडी

Updated:
विज्ञापन

रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर जन्माष्टमी महोत्सव की धूम, लड्डू गोपाल को लगेगा मड़वा और रागी का भोग, जानें दही-हांडी प्रतियोगिता और अन्य कार्यक्रमों की पूरी जानकारी।

विज्ञापन

रांची: श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति की ओर से अलबर्ट एक्का चौक के समीप चार और पांच सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के सानिध्य में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के संरक्षक विधायक सीपी सिंह, अध्यक्ष मुकेश काबरा, मेयर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कार्यक्रम की जानकारी दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार पूरे आयोजन स्थल को वंदे मातरम थीम पर सजाया जा रहा है. महोत्सव के दौरान 2000 राष्ट्रीय ध्वज का वितरण भी किया जायेगा.

आज होगी बाल गोपाल प्रतियोगिता

महोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को दोपहर तीन बजे से श्री कृष्ण के बाल रूप की झांकी और बाल गोपाल प्रतियोगिता आयोजित होगी. प्रतियोगिता में 150 से अधिक बच्चों को पुरस्कृत किया जायेगा. निर्णायक मंडल में प्रमुख अखबारों के संपादक शामिल होंगे और उनके द्वारा विजेताओं के नाम घोषित किये जायेंगे.

इस अवसर पर भगवान श्री कृष्ण को मोटे अनाज से तैयार व्यंजनों का भोग लगाया जायेगा. इसमें माखन-मिश्री, पंजीरी, बादाम के लड्डू, गिरी के लड्डू, अनरसा, रागी के लड्डू और मड़वा के लड्डू शामिल होंगे.

कल होगी नमो दही-हांडी प्रतियोगिता

शनिवार को दोपहर तीन बजे से नमो दही-हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और नृत्य-नाट्य मंचन का आयोजन होगा. नमो दही-हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे.

प्रतियोगिता में शामिल होने वाली पुरुष और महिला गोविंदा टीमों को समिति की ओर से अलग-अलग रंगों की टी-शर्ट दी जायेगी. 18 वर्ष से कम उम्र के गोविंदा इसमें हिस्सा नहीं ले सकेंगे. महिला गोविंदा के लिए दही-हांडी की ऊंचाई 20 फीट और पुरुष गोविंदा के लिए 25 फीट रखी गयी है.

पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार 71 हजार और द्वितीय पुरस्कार 41 हजार रुपये रखा गया है. वहीं, महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51 हजार और द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये दिया जायेगा.

सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुंबई के सतीश कृष्णमूर्ति एंड पार्टी के 40 कलाकार प्रस्तुति देंगे. इसके अलावा वृंदावन और मथुरा के राजेश शर्मा एंड पार्टी की ओर से श्री कृष्ण की रासलीला और विभिन्न झांकियों का मंचन किया जायेगा.

मेडिकल टीम और एंबुलेंस की रहेगी व्यवस्था

आयोजन स्थल पर आपात स्थिति से निबटने के लिए नागरमल मोदी सेवा सदन और ऑर्किड हॉस्पिटल के डॉक्टरों के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी. मारवाड़ी युवा मंच की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पानी, चाय और बिस्किट की नि:शुल्क व्यवस्था की गयी है.

प्रेस वार्ता में रविंद्र मोदी, ऐश्वर्य सेठ, रमेंद्र कुमार, प्रमोद सारस्वत, संजय पोद्दार, रमेश सिंह, सतीश सिन्हा, ललन श्रीवास्तव, संजय जायसवाल, अमित चौधरी, राज वर्मा, पूनम, नीतू, नीतू सिंह, भीष्म सिंह, नीरज चौधरी, ललित ओझा, संजीव साहू, विपिन वर्मा, विजय ओझा, विजय यादव, शंकर दुबे, राजीव वर्मा, संतोष सेठ, संजय गोयल, सत्येंद्र सिंह गुड्डू, संजय सिंह लल्लू, मनीष लोधा, अशोक पुरोहित, आनंद श्रीवास्तव, राहुल सिन्हा चंकी, रतन अग्रवाल, मुकेश पांडेय, रमाशंकर बगड़िया, अमन प्रकाश और सोनू भारद्वाज समेत अन्य लोग मौजूद थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola