JSSC JDLCCE-2023 गड़बड़ी मामला: 3 साल बाद भी जांच अधूरी, 6 परीक्षाओं पर उठे सवाल?
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग का दफ्तर. फाइल फोटो.
रांची में JSSC JDLCCE-2023 परीक्षा में कथित अनियमितता का मामला तीन साल बाद भी जांच के स्तर पर है. एक परीक्षा केंद्र पर हुई गड़बड़ी के बाद भी छह परीक्षाएं उसी केंद्र पर क्यों हुईं, यह सवाल अभ्यर्थियों को परेशान कर रहा है. मामले में देरी और कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से रोके जाने के आरोपों पर भी जांच की मांग की जा रही है.
रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की झारखंड डिप्लोमा स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (जेडीएलसीसीइ)-2023 में परीक्षा केंद्र पर हुई कथित अनियमितता का मामला तीन साल बाद भी जांच के स्तर पर ही है. परीक्षा के दौरान 28 सितंबर 2023 को बूटी स्थित शिवा इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर आयोजित परीक्षा को अनियमितता के कारण रद्द कर दिया गया था. इसके बाद रद्द परीक्षा 18 अक्टूबर 2023 को दोबारा आयोजित की गयी.
आपके शहर में
इस मामले में जेएसएससी की तत्कालीन सचिव मधुमिता कुमारी ने 24 नवंबर 2023 को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. मामले में कांड संख्या 495/2023 दर्ज है. उक्त परीक्षा केंद्र की केंद्राधीक्षक राखी कुमारी थीं. मामले के अनुसंधानकर्ता से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने जांच के संबंध में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया.
कदाचार के बाद भी छह परीक्षाएं क्यों ?
अभ्यर्थियों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि 28 सितंबर को परीक्षा में अनियमितता सामने आने और परीक्षा रद्द किये जाने के बावजूद आयोग ने तत्काल उस केंद्र को परीक्षा से अलग क्यों नहीं किया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसके बाद भी 10 अक्टूबर 2023 तक उसी केंद्र पर छह परीक्षाएं आयोजित होती रहीं. छात्रों के हंगामे और समाचार पत्रों में मामला सामने आने के बाद आयोग ने उक्त केंद्र को परीक्षा के लिए स्थायी रूप से हटा दिया.
केस में एक माह से अधिक की देरी पर भी सवाल
जेडएलसीसीइ-2023 की परीक्षा 20 अक्टूबर 2023 को पूरी तरह समाप्त हो गयी थी. इसके करीब एक माह बाद 24 नवंबर 2023 को आयोग की ओर से सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. अभ्यर्थियों का सवाल है कि 28 सितंबर को अनियमितता सामने आने के बाद प्राथमिकी दर्ज कराने में इतना समय क्यों लगा. आयोग की ओर से इस देरी का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है.
कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से रोकने का आरोप
अभ्यर्थियों का यह भी आरोप है कि 28 सितंबर 2023 को कुछ अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचने के बावजूद परीक्षा में शामिल नहीं हो सके. छात्रों के अनुसार, करीब 8 से 10 अभ्यर्थियों को कथित तौर पर परीक्षा में बैठने से रोक दिया गया था. अभ्यर्थी इस मामले में भी स्पष्ट जांच और जवाब की मांग कर रहे हैं. जेएसएससी ने जेडएलसीसीइ-2023 के लिए विज्ञापन संख्या 04/2023 जारी किया था. इसके तहत कनीय अभियंता के कुल 1268 पदों पर नियुक्ति होनी थी.
इस पूरे मामले पर अभ्यर्थी सवाल उठा रहे हैं कि परीक्षा में अनियमितता के मामले में अब तक जांच का निष्कर्ष क्यों नहीं निकला और दोषियों की पहचान व कार्रवाई की स्थिति क्या है.
ये भी पढ़ें: रांची में 3 नए फ्लाइओवर का रास्ता साफ, इसी साल शुरू होगा निर्माण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए