'कोर्ट के फैसले में सरकार कहां?' JPSC-CGL स्टे पर JMM का पलटवार, कहा- छात्रों को ढाल बना रही BJP और कोचिंग माफिया
प्रेस वार्ता करते अनंत प्रताप देव और हेमलाल मुर्मू
झारखंड हाईकोर्ट द्वारा JPSC और JSSC CGL परीक्षाओं पर स्टे लगाए जाने के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। झामुमो ने भाजपा और कोचिंग संचालकों पर छात्रों को ढाल बनाने का आरोप लगाया है।
रांची : झारखंड हाईकोर्ट द्वारा जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) समेत चार प्रमुख परीक्षाओं के रद्द पर स्टे लगाए जाने के बाद राज्य में एक फिर राजनीतिक पारा चढ़ गया है. छात्र संगठनों द्वारा दोबारा आंदोलन की रणनीति बनाने के बीच सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कोचिंग संचालकों पर जोरदार हमला बोला है. झामुमो ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय का फैसला सर्वोपरि है और इस पूरे मामले में सरकार को कोसना बिल्कुल अनुचित है.
आपके शहर में
'छात्रों ने जितना मांगा, CM ने उससे ज्यादा दिया' : झामुमो
पत्रकारों से बातचीत करते हुए झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि ऐतिहासिक छात्र आंदोलन के बाद हेमंत सोरेन सरकार ने छात्रों को डिमांड से ज्यादा दिया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा दिल दिखाते हुए छात्रों की मांग पर जेपीएससी, टीडीपीएल और सीजीएल समेत सभी विवादित परीक्षाओं को रद्द कर दिया था. हेमलाल मुर्मू ने कहा, "न्यायालय सर्वोपरि है और वह अपना काम कर रही है. कोर्ट ने सरकार के फैसले को स्थगित करते हुए 15 दिनों के अंदर शपथ पत्र (Affidavit) दाखिल करने को कहा है. अब इसमें कौन सा शगूफा है? कोर्ट के फैसले में सरकार कहां से दोषी हो गई? सरकार ने छात्रों को कहां धोखा दिया है?"
ये भी पढ़ें: 500 मेगावाट यूनिट से उत्पादन ठप, झारखंड समेत कई राज्यों पर संकट
'कोचिंग माफिया और भाजपा की साजिश
झामुमो विधायक ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि छात्र आंदोलन के नाम पर एक बार फिर राजनीति की जा रही है. उन्होंने कहा कि कोचिंग माफिया और भाजपा के लोग छात्रों को आगे कर उनके कंधे पर रखकर बंदूक चला रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता ऐसे लोगों को जल्द सबक सिखाएगी. बाबूलाल मरांडी द्वारा सीबीआई (CBI) जांच की मांग पर तंज कसते हुए हेमलाल मुर्मू ने कहा कि बाबूलाल मरांडी दिल्ली का 'गुरुमंत्र' बोल रहे हैं. उन्हें पहले देश को यह बताना चाहिए कि जेपीएससी वन (JPSC-1) और जेपीएससी टू (JPSC-2) की सीबीआई जांच का आज तक क्या नतीजा निकला? उन्होंने कहा कि राज्य में सीआईडी (CID) की जांच बिल्कुल सही दिशा में चल रही है, जिसके तहत दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
'130 करोड़ का घोटाला करने वाले सरकार को सलाह न दें': अनंत प्रताप देव
उधर, भवनाथपुर से झामुमो विधायक अनंत प्रताप देव ने भाजपा नेता भानु प्रताप शाही और विपक्षी नेताओं पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि भानु प्रताप शाही ने अपने कार्यकाल में 130 करोड़ रुपये का घोटाला किया था, जिसकी जांच खुद सीबीआई कर रही है. आज वही लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. यह तो 'चोर मचाए शोर' वाली कहावत जैसा है. अनंत प्रताप देव ने कहा कि जिनके खिलाफ सीबीआई और ईडी की जांच चल रही है, वे खुद को बचाने के लिए भाजपा का चोला पहनकर घूम रहे हैं और न्यायालय को चुनौती दे रहे हैं. जिनके खुद के दामन में दाग लगे हैं, वही आज सबसे ज्यादा हल्ला मचा रहे हैं, लेकिन अब ऐसे नेताओं की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है.
ये भी पढ़ें: अब हर खदान का बनेगा सुरक्षा रिपोर्ट कार्ड, 35 से कम रेटिंग पर कसेगा शिकंजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए