Weather Update: रांची समेत झारखंड में मौसम का यू-टर्न, 24 नवंबर से साफ होगा आसमान, बढ़ेगी ठंड
24 नवंबर से साफ होगा आसमान, बढ़ेगी ठंड (ai generated)
चक्रवाती तूफान 'अकवन' का असर झारखंड में, भारी बारिश और कोहरे से रांची एयरपोर्ट पर 40 उड़ानें रद्द, 6000 से अधिक यात्री परेशान. जानें मौसम का अगला पूर्वानुमान.
Weather Update. चक्रवाती तूफान 'अकवन' भले ही गुजर गया हो, लेकिन झारखंड में इसका असर अभी भी दिख रहा है. राज्य भर में बादल छाए हुए हैं और नमी बनी हुई है. पूरे राज्य में निचले स्तर के बादल छाये हुए हैं और वातावरण में नमी बरकरार है. मौसम में हुए बदलाव के कारण शनिवार को भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही. वहीं, घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. राजधानी रांची में विजिबिलिटी 500 मीटर से 800 मीटर के बीच रही. खराब मौसम, लगातार बारिश और कम दृश्यता के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई. इस वजह से रांची एयरपोर्ट से 40 फ्लाइटों को रद्द करना पड़ा, जबकि छह फ्लाइटों को डायवर्ट करना पड़ा.
रांची एयरपोर्ट पर दिनभर में सिर्फ चार विमान उतरे
शनिवार को रांची एयरपोर्ट पर दिनभर में मात्र चार विमान ही उतर सके. रद्द उड़ानों में मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली रूट की सेवाएं शामिल रहीं. विमानों की आवाजाही प्रभावित होने से करीब छह हजार से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. यात्रियों को एयरपोर्ट पर और एयरलाइंस कंपनियों की ओर से फोन पर उड़ान रद्द होने की जानकारी दी जा रही थी. बड़ी संख्या में यात्री घंटों तक अपनी उड़ान का इंतजार करते रहे. कई यात्री एयरलाइंस कंपनियों के काउंटर पर वैकल्पिक उड़ानों की जानकारी लेते दिखे.
एयर इंडिया एक्सप्रेस की छह उड़ानें रद्द
खराब मौसम की वजह से एयर इंडिया एक्सप्रेस की आइएक्स-2464/2465, आइएक्स-2764/1097, आइएक्स-1237/1235, आइएक्स-2053/2176, आइएक्स-1063/1069 और आइएक्स-1016/1530 का परिचालन रद्द रहा. पहले से रद्द सूची में शामिल 14 उड़ानों के साथ इन छह सेवाओं के रद्द होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गयी.
छह विमानों को दूसरे शहरों में किया गया डायवर्ट
खराब मौसम को देखते हुए इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट 6E-2039 और हैदराबाद-रांची फ्लाइट 6E-421/390 को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया, जबकि अहमदाबाद-रांची-पटना फ्लाइट 6E-6493/925 को गया डायवर्ट किया गया. वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची फ्लाइट आइएक्स-2464 को कोलकाता, कोलकाता-रांची फ्लाइट आइएक्स-2414 को बेंगलुरु और मुंबई-रांची फ्लाइट आइएक्स-6087 को मुंबई डायवर्ट कर दिया गया. बाद में इन फ्लाइटों को भी रद्द कर दिया गया.
लगातार बारिश से धान, मड़ुआ और सब्जियों की खेती को नुकसान
लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने धान और महुआ के साथ सब्जियों की खेती को भी नुकसान पहुंचाया है. किसानों को फसलों को लेकर चिंता सताने लगी है. शनिवार को रांची में 20 मिमी बारिश हुई, जबकि सबसे अधिक कोडरमा में 40 मिमी बारिश दर्ज की गयी. खूंटी में 1.5 मिमी, लातेहार में चार मिमी, दुमका में पांच मिमी और देवघर में दो मिमी बारिश हुई. जमशेदपुर में 12 मिमी और बोकारो में 0.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी.
24 नवंबर से साफ हो सकता है मौसम, दो डिग्री तक गिरेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 22 नवंबर को सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा. सुबह 10:00 बजे से कोहरा छंटने लगेगा, लेकिन बादल छाये रहेंगे. बीच-बीच में धूप निकल सकती है. राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है.
23 नवंबर को सुबह कोहरा छाया रहेगा और बादल भी रहेंगे. राजधानी में धूप निकल सकती है. पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.
अभिषेक आनंद ने बताया कि 24 नवंबर को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा, लेकिन ठंड बढ़ सकती है. तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
- 22 नवंबर: सुबह 10:00 बजे से कोहरा छंटने की उम्मीद, कुछ समय के लिए हल्की धूप निकल सकती है.
- 23 नवंबर: सुबह कोहरा और बादल छाये रहेंगे, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं बारिश संभव.
- 24 नवंबर: मौसम पूरी तरह साफ हो सकता है, तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है और ठंड बढ़ेगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
