Jharkhand News: NIA ने PLFI के विस्तार मामले में इन दो लोगों पर दाखिल किया चार्जशीट, जानें क्या है आरोप
NIA Raid
Jharkhand News: नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी ने पीएलएफआई से जुड़े दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया है. ये संगठन के धमकी भरे पर्चे भेजने का काम करते थे.
रांची : झारखंड और पड़ोसी राज्यों में पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के संगठन विस्तार से जुड़े मामले में नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने दो और आरोपियों के खिलाफ रांची स्थित एनआइए की विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया है. इसमें खूंटी जिला के रहने वाले नीलांबर गोप उर्फ डेलगा उर्फ डिकल और शिव कुमार साहू पर आइपीसी की धारा 120 बी आर/डब्ल्यू 384 और धारा 13, 17, 18 के तहत व यूए (पी) अधिनियम की धारा 20 के तहत पूरक आरोप पत्र दाखिल किया गया है.
आपके शहर में
शिव कुमार साहू और नीलांबर गोप संगठन के लिए धमकी भरा पर्चा भेजने का करते थे काम
एनआईए की जांच के अनुसार, शिव कुमार साहू और नीलांबर गोप पीएलएफआई के धमकी भरे पर्चे भेजने का काम करते थे. एनआइए ने 11 अक्तूबर 2023 को स्वत: संज्ञान लेते हुए मामले में आरसी-04/2023/एनआइए/आरएनसी में पीएलएफआइ के सदस्यों के रूप में पहचाने गये दोनों आरोपियों की संलिप्तता स्थापित की है.
क्या है मामला
यह मामला झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में विभिन्न कोयला व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों, रेलवे ठेकेदारों, व्यापारियों आदि से जबरन वसूली के माध्यम से धन जुटाने में पीएलएफआइ कैडरों की संलिप्तता से संबंधित है. पीएलएफआइ सदस्यों ने इन राज्यों में संगठन को पुनर्जीवित करने और मजबूत करने के उद्देश्य से जनता, विशेषकर व्यापारियों और ठेकेदारों के बीच आतंक पैदा करने के लिए हत्या, आगजनी व हिंसक हमलों सहित विभिन्न आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए