राज्य में शराब की अब तक 1434 दुकानें, उत्पाद विभाग को मई महीने में मिला 188 करोड़ का राजस्व
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 01 Jun 2022 2:12 PM
उत्पाद विभाग की नयी शराब नीति की वजह से विभाग को मई 2022 में सामान्य आय से 70 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. यह एक रिकॉर्ड है. नयी नीति लागू होने के पूर्व अप्रैल 2022 में 109 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था जबकि मई 2022 में 188 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई.
Ranchi : उत्पाद विभाग की नयी शराब नीति की वजह से विभाग को मई 2022 में सामान्य आय से 70 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. यह एक रिकॉर्ड है. नयी नीति लागू होने के पूर्व अप्रैल 2022 में 109 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था जबकि मई 2022 में 188 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई. एक तरफ राजस्व में बढ़ोतरी हुई है वहीं दूसरी ओर नीति में चार बिन्दुओं पर हुए बदलाव की वजह से सिस्टम में भी आमूल-चूल परिवर्तन आया है. ये बातें उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने कही. वे आज पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने बताया कि राज्य में नई शराब नीति को लेकर 31 मार्च को संकल्प जारी किया गया था और एक महीने में नई नीतियों को तैयार कर 1 मई 2022 से राज्य में नई शराब नीति को लागू किया गया. एक महीने में सरकार को उत्पाद राजस्व में 188 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है जो अब तक का रिकॉर्ड है. उन्होंने कहा कि नई उत्पाद नीति को राजस्व वृद्धि के अनूकूल बनाया गया है जिसमें थोक बिक्रेता, खुदरा बिक्रेता और बार संचालन को लेकर नई नीतियां बनायी गयी है, जबकि देसी शराब नीति में संशोधन किया गया है. साथ ही मैन पावर, सुरक्षा गार्ड, ऑडिट, ट्रांसपोर्ट आदि के लिये अलग-अलग एजेंसियों का चयन ऑनलाईन टेंडर के माध्यम से पारदर्शिता के साथ किया गया है. नीति में चेक्स एंड बैलेंस के बीच संतुलन बनाया गया है. पिछली बार सेल्स पर राजस्व का प्रावधान था जबकि इस बार की नीति में उठाव पर राजस्व का प्रावधान किया गया है साथ ही शराब का जहां उत्पादन हो रहा है, हम नई नीति के अनुरूप् वहीं पर ऑनलाईन होलोग्राम देकर कोड उपलब्ध करा रहे हैं.
उत्पाद सचिव ने जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2017 के अगस्त में नई उत्पाद नीति जब लागू की गयी थी, उस वक्त लागू होने के अगस्त महीने में सिर्फ 23 करोड़ के राजस्व की प्राप्ति हुई थी जबकि एक मई 2022 को लागू नीति के बाद 188 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है. यह शराब नीति की सफलता की कहानी का दस्तावेज है. उन्होंने कहा कि मई महीने में कंट्री लीकर की समस्या आयी थी लेकिन आगामी दस दिनों के अन्दर इस समस्या से निजात मिल जायेगी. नियोजन नीति को लेकर उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कमेटी गठित कर दी गयी है, जो सतत प्रक्रिया के बाद अर्हता पूरी करने वालों का नियोजन करेगी.
उत्पाद आयुक्त अमित कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान में कुल 1434 दुकानें सक्रिय हैं और बीते एक महीने में 49 दुकानों में ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम पायलट प्रोजेक्ट के रूप में रन कर रहा है. उन्होंने बताया कि 1 जून से पांच जिलों रांची, जमशेदपुर, धनबाद, सरायकेला और बोकारो में भी ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम प्रारंभ किया जा रहा है. उक्त व्यवस्था लागू हो जाने से लिकेज की संभावना लगभग खत्म हो जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










