Live Updates

Jharkhand Breaking News: 10 डिग्री तापमान में खुले आसमान के नीचे लोग आधी रात को सुन रहे हेमंत सोरेन का भाषण

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

आधी रात को सुन रहे मुख्यमंत्री का भाषण

दुमका का तापमान 10 डिग्री तक गिर चुका है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भाषण दे रहे हैं. उनको सुनने के लिए हजारों लोग पहुंचे हुए हैं. सर्द मौसम में आधी रात को भी हजारों लोग झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन का भाषण सुन रहे हैं.

लातेहार के बालूमाथ में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या

बालूमाथ : लातेहार जिला अंतर्गत बालूमाथ थाना क्षेत्र के मासियातू गांव में गुरुवार की रात प्रमोद प्रसाद गुप्ता की पत्नी सुनिता देवी (36 वर्ष) की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, प्रमोद प्रसाद गुप्ता बाजार- बाजार में दुकान लगाकर किराने का सामान बेचते हैं. गुरुवार को भी वह बबन हेरवा गांव में बाजार में दुकान लगाने गए थे. उनकी पत्नी सुनीता घर में स्थित दुकान में अकेली थी. पति प्रमोद गुप्ता की माने, तो शाम करीब 5:30 बजे उनकी पत्नी ने उन्हें फोन कर फल लाने की बात कही थी. जब वे रात करीब आठ बजे घर पहुंचे, तो देखा कि उसकी पत्नी दुकान पर गिरी पड़ी है. धारदार हथियार से गर्दन कटा है. तत्काल आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी. मालूम हो कि प्रमोद गुप्ता के घर में परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में शामिल होने रांची गए हैं. सूचना के बाद बालूमाथ पुलिस घटनास्थल पहुंची. हत्या में प्रयुक्त चाकू को पुलिस ने बरामद किया है. इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

कोडरमा में मारपीट के 12 दोषियों को 5 साल की सजा, 5 हजार का जुर्माना भी लगा

कोडरमा : जिला जज द्वितीय अजय कुमार सिंह की कोर्ट ने हरवे हथियार से लैश होकर सामूहिक रूप से मारपीट करने के मामले की सुनवाई करते हुए 12 आरोपियों को दोषी पाते हुए पांच साल की सश्रम कारावास के साथ-साथ पांच-पांच हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया है. आरोपियों में सतगावां थाना क्षेत्र के सिहास निवासी अरविंद प्रसाद और उमेश प्रसाद दोनों के पिता स्वर्गीय ब्रह्मदेव महतो, दारोगी प्रसाद पिता उमेश प्रसाद, भोला प्रसाद पिता अर्जुन प्रसाद, रंजन कुमार पिता अरविंद प्रसाद, राजीव कुमार पिता अर्जुन प्रसाद, सिपाही प्रसाद पिता उमेश प्रसाद, विक्रम कुमार पिता अच्चूतानंद प्रसाद, शैलेश कुमार पिता अरविंद प्रसाद, अजित प्रसाद पिता अर्जुन प्रसाद, अच्चूतानंउ प्रसाद पिता स्वर्गीय बह्मदेव महतो और अर्जुन प्रसाद पिता बह्मदेव महतो के नाम शामिल है ,जबकि इसी मामले में सुशीला देवी, अर्चना कुमारी और अंजू कुमारी को साक्ष्य के अभाव में कोर्ट ने रिहा कर दिया. बता दें कि 15 फरवरी, 2011 को पैतृक जमीन पर कुआं खोदने का काम हो रहा था. इसी दौरान सभी आरोपी तलवार, फरसा, लाठी समेत अन्य हथियार से लैश होकर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. सतगावां पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू कर कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया. कोर्ट में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष से लोक अभियोजक बलिराम सिंह ने 14 गवाहों का प्रतिपरीक्षण कराया और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की, वहीं बचाव पक्ष से अधिवक्ता कुमार रौशन ने कोर्ट में अपनी दलीलें रखी.

JPSC सचिव नेसार अहमद सहित 4 IAS अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग,यहां देखें लिस्ट

Jharkhand Breaking News: 10 डिग्री तापमान में खुले आसमान के नीचे लोग आधी रात को सुन रहे हेमंत सोरेन का भाषण

रांची : झारखंड सरकार ने तीन आईएएस अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की है. इसके तहत श्रम, नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के विशेष सचिव कमलेश्वर प्रसाद सिंह को स्थानांतरित करते हुए झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. वहीं, झारखंड लोक सेवा आयोग के सचिव नेसार अहमद को स्थानांतरित करते हुए बागवानी का डायरेक्टर बनाया गया है. इसके अलावा झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार के क्षेत्रीय निदेशक अजय कुमार सिंह को पशुपालन डायरेक्टर बनाया गया है. वहीं, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव चंदन कुमार को स्थानांतरित करते हुए कृषि डायरेक्टर बनाया गया है. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी की है.

गुमला में साबुन उद्योग लगाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये की ठगी

गुमला (दुर्जय पासवान) : साबुन उद्योग लगाने के नाम पर महिलाओं से तीन लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पालकोट प्रखंड अंतर्गत टंगराटोली निवासी जयंती मिंज के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने पालकोट थाना की पुलिस को आवेदन सौंपकर ठगी करने, पैसा लेने एवं धमकी देने का आरोप लगाया है. आवेदन में कहा है कि हमें यूथ इको रिवोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कार्यालय के निदेशक ने पालकोट पिंजराडीपा में साबुन उद्योग लगाने की बात कही. इस बात को समझाने के लिए महिलाओं के पास दो से तीन महीना तक आता रहा. इस पर महिलाएं सहमत हुई, लेकिन उद्योग खोलने के लिए पूंजी लगाने की बात कही गयी. पर जब महिलाएं असहमत हुई तब निदेशक ने लोन व्यवस्था स्वयं कराने की बातें कही. बैंक के एजेंट को खुद निदेशक लेकर आया. दोनों ने मिलकर महिलाओं को समझाया. बहुत मुश्किल से महिलाएं बैंक से लोन लेने के लिए सहमत हुई. सभी महिलाओं को पालकोट से छह सदस्य एवं पिंजराडीपा से आठ सदस्य को 25-25 हजार कर ऋण दिया गया. पैसा मिलने के तुरंत बाद निदेशक गांव आकर सभी सदस्यों से पैसा लेकर काम शुरू करने की बातें कही. लेकिन छह महीना बीत गया. अब तक उद्योग का काम शुरू नहीं हुआ है. इधर, महिलाओं ने इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है.

चतरा के सुखनदिया के समीप अपराधियों ने बीसी से लाखों की लूट की

चतरा : प्रतापपुर-जोरी मुख्य मार्ग स्थित सुखनदिया के समीप गुरुवार को ऑटो में बैठे बैंक ऑफ इंडिया के बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (BC) मुन्नी प्रजापति से तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर एक लाख 13 हजार रुपये की लूट की है. इस संबंध में पीड़िता मुन्नी प्रजापति ने बताया कि हर दिन की तरह बैंक ऑफ इंडिया से खाताधारियो का पैसा निकालकर ऑटो से अपने घर नावाडीह जा रहे थे. इस दौरान सुखनदिया के समीप बाइक से तीन अज्ञात लोग आकर ऑटो को रोक दिया. जिसके बाद अपराधियों ने हथियार के दम पर पैसे से भरा झोला छीनकर चंपत हो गया. इसके बाद भुक्तभोगी बीसी ने तुरंत पुलिस एवं बैंक को सूचना दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच-पड़ताल तेज कर दी है, वहीं सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola